UP Weather: उत्तर प्रदेश में मॉनसून पूरी तरह से मेहरबान है और बारिश का दौर लगातार जारी है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 18 अगस्त को राज्य के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश, तेज आंधी और आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी जारी की है. मौसम केंद्र लखनऊ के अनुसार, पश्चिमी और पूर्वी यूपी के अधिकांश हिस्सों में काले बादल छाए रहेंगे और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इस खराब मौसम को देखते हुए विभाग ने 23 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है.
ADVERTISEMENT
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और मानसूनी ट्रफ के असर से पूरे प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां काफी तेज हो गई हैं. इस वजह से कई प्रमुख शहरों जैसे लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, आगरा और मेरठ में झमाझम बारिश के साथ मौसम सुहाना बना रहेगा. हालांकि भारी बारिश वाले निचले इलाकों में जलभराव और आवाजाही की समस्या पैदा हो सकती है.
इन 23 जिलों में येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने जिन जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की आशंका जताई है उनमें रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा और बाराबंकी, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, जौनपुर, आजमगढ़, गाजीपुर, वाराणसी, चंदौली, संत रविदास नगर (भदोही), मिर्जापुर और सोनभद्र शामिल हैं.
किसानों के लिए जरूरी सलाह
खराब मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने किसानों को विशेष सावधानी बरतने को कहा है. बारिश और बिजली चमकने के दौरान खेतों में काम न करने, ऊंचे पेड़ों के नीचे न खड़े होने और सुरक्षित पक्के स्थानों पर शरण लेने की अपील की गई है. इसके अलावा फसलों को नुकसान से बचाने के लिए खेतों में पानी की निकासी का उचित प्रबंध करने की सलाह दी गई है.
ये भी पढ़ें: किसी ने पति को सांप से डंसवाया तो किसी ने ड्रम में भरा... मेरठ जेल में बंद ‘कातिल पत्नियों’ को पसंद आ रहे रोमांटिक गाने, रेडियो पर कर रहीं इन सॉन्ग्स की डिमांड
ADVERTISEMENT











