UP Ration Dealers Benefit News: उत्तर प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं यानी राशन डीलरों के लिए बड़ी खबर है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को उनके लाभांश में बढ़ोतरी करने जा रहे हैं. अभी राशन विक्रेताओं को 90 रुपये प्रति कुंतल लाभांश मिलता है, जिसे बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल किया जाएगा. यानी लाभांश में सीधे 35 रुपये प्रति कुंतल का इजाफा होगा. मुख्यमंत्री लखनऊ के लोक भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इस नई व्यवस्था की शुरुआत करेंगे.
ADVERTISEMENT
ई-पॉस से मिलेगा राशन डीलरों का फीडबैक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार सुबह 9:30 बजे लोक भवन सभागार में ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का शुभारंभ करेंगे. यह व्यवस्था सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी से जुड़े राशन विक्रेताओं के अनुभव और उनकी प्रतिक्रिया दर्ज करने के लिए शुरू की जा रही है. इसके तहत उचित दर विक्रेताओं का फीडबैक ई-पॉस मशीन के माध्यम से डिजिटल तरीके से लिया जाएगा. सरकार की इस पहल का उद्देश्य राशन वितरण व्यवस्था से जुड़े विक्रेताओं की समस्याओं और अनुभवों को सीधे डिजिटल माध्यम से दर्ज करना है. इसके साथ ही राशन वितरण प्रणाली में फीडबैक लेने की प्रक्रिया को भी आसान और व्यवस्थित किया जाएगा.
कार्यक्रम में डिप्टी CM समेत ये मंत्री रहेंगे मौजूद
लोक भवन में होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहेंगे. खाद्य एवं रसद विभाग से जुड़े मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय और राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा भी कार्यक्रम में शामिल होंगे. लाभांश बढ़ाए जाने से प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं को सीधे फायदा होगा. सरकार की ओर से राशन डीलरों के लिए की जा रही इस बढ़ोतरी के साथ ई-पॉस आधारित फीडबैक प्रणाली को भी लागू किया जा रहा है, जिससे सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी व्यवस्था से जुड़े विक्रेताओं की प्रतिक्रिया डिजिटल रूप से दर्ज की जा सकेगी.
ADVERTISEMENT











