लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के बाद मेरठ से प्रयागराज को जोड़ने वाला गंगा एक्सप्रेसवे बारिश के दौरान धंस गया है. करीब 36 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत से बने इस 594 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे पर उन्नाव से प्रयागराज की ओर किलोमीटर संख्या 421 के पास सड़क धंसने की बात सामने आई है.
ADVERTISEMENT
बताया जा रहा है कि एक्सप्रेसवे की रेलिंग के पास करीब 10 मीटर तक गहरा गड्ढा हो गया है. जानकारी मिलते ही कार्यदाई संस्था UPEIDA की टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत का काम शुरू कर दिया.
उद्घाटन के तीन महीने बाद सामने आई समस्या
गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था. इस एक्सप्रेसवे को उत्तर प्रदेश के 12 जिलों को जोड़ते हुए तैयार किया गया है. इसका उद्देश्य मेरठ से प्रयागराज के बीच सफर को आसान और तेज करना है.
594 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद मेरठ से प्रयागराज की करीब 12 घंटे की यात्रा घटकर लगभग 6 घंटे होने का दावा किया गया था, लेकिन अब पहली बारिश में एक्सप्रेसवे के धंसने की तस्वीरें सामने आने के बाद इसके निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
मामला सामने आने के बाद UPEIDA की टीम बारिश के बीच ही मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त हिस्से को ठीक करने का काम शुरू कर दिया.
UPEIDA ने बताई मिट्टी बैठने की वजह
इस मामले में UPEIDA का कहना है कि एक्सप्रेसवे के निर्माण के बाद पहली बरसात में कुछ जगहों पर थोड़ी-बहुत समस्या सामने आ सकती है. विभाग के मुताबिक एक्सप्रेसवे बनाने के दौरान बड़े पैमाने पर मिट्टी की भराई की जाती है और बारिश के समय मिट्टी के बैठने से ऐसी स्थिति बन सकती है.
UPEIDA ने कहा कि मौके पर मौजूद तकनीकी टीमें पूरी मुस्तैदी के साथ तत्काल सुधार कार्य में जुटी हैं, ताकि आवागमन बाधित न हो.
विभाग ने कहा- एक्सप्रेसवे पर आवागमन जारी
UPEIDA के मुताबिक गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण में अत्याधुनिक तकनीक और तय मानकों का इस्तेमाल किया गया है. तकनीकी टीमें लगातार एक्सप्रेसवे की निगरानी कर रही हैं और जरूरत के हिसाब से तुरंत कार्रवाई की जा रही है.
विभाग ने यह भी कहा है कि गंगा एक्सप्रेसवे पर आवागमन निर्बाध रूप से जारी है. फिलहाल मौके पर मरम्मत का काम चल रहा है, लेकिन बारिश के दौरान इतने बड़े एक्सप्रेसवे के धंसने की घटना ने इसकी निर्माण गुणवत्ता और पहली बरसात में किए गए काम को लेकर बहस जरूर छेड़ दी है.
ADVERTISEMENT











