उत्तर प्रदेश के कन्नौज में बने परफ्यूम पार्क को लेकर बड़ी तैयारी शुरू हो गई है. यहां आने-जाने की सुविधा बेहतर करने के लिए इसे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से जोड़ने की योजना पर काम किया जा रहा है. इसके साथ ही पार्क में पेट्रोल पंप, होटल और दूसरी जरूरी सुविधाएं विकसित करने की भी तैयारी है.
ADVERTISEMENT
UPSIDA के सीईओ बलकार सिंह ने रविवार को परफ्यूम पार्क का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को उद्यमियों की समस्याएं दूर करने और औद्योगिक क्षेत्र की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए समयबद्ध रोडमैप तैयार करने के निर्देश दिए.
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा परफ्यूम पार्क
UPSIDA अब उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (UPEIDA) के साथ मिलकर परफ्यूम पार्क की कनेक्टिविटी बेहतर करने की दिशा में काम करेगा. अधिकारियों को एक्सप्रेसवे तक आसान और सुगम पहुंच के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है.
इसका मकसद औद्योगिक क्षेत्र तक पहुंच आसान करना है, ताकि कारोबारियों, निवेशकों और यहां आने वाले लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो. UPSIDA ने प्रस्ताव तैयार कर जल्द से जल्द आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं.
पेट्रोल पंप और होटल की भी तैयारी
परफ्यूम पार्क में सिर्फ सड़क कनेक्टिविटी सुधारने की योजना नहीं है. यहां पेट्रोल पंप, होटल और दूसरी जरूरी व्यावसायिक और नागरिक सुविधाएं विकसित करने पर भी विचार किया जा रहा है.
इन सुविधाओं का फायदा पार्क में काम करने वाले उद्यमियों के साथ-साथ निवेशकों और यहां आने वाले लोगों को भी मिलेगा. UPSIDA ने अधिकारियों से इन सभी प्रस्तावित सुविधाओं को लेकर एक विस्तृत रोडमैप तैयार करने और तय समय में काम आगे बढ़ाने को कहा है.
प्लॉट आवंटन से जुड़े मामलों का भी होगा निपटारा
निरीक्षण के दौरान परफ्यूम पार्क में प्लॉट आवंटन से जुड़े लंबित मामलों की भी समीक्षा के निर्देश दिए गए. UPSIDA के कानपुर क्षेत्रीय प्रबंधक को ऐसे मामलों की जांच कर उनका समयबद्ध तरीके से निपटारा करने को कहा गया है.
गैस सप्लाई समेत जरूरी सुविधाओं पर जोर
अधिकारियों को जिला प्रशासन और संबंधित विभागों व एजेंसियों के साथ तालमेल कर औद्योगिक क्षेत्र में जरूरी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं. इसमें गैस सप्लाई जैसी जरूरी सुविधा भी शामिल है.
बलकार सिंह ने औद्योगिक इकाइयों से मिली समस्याओं और सुझावों की समीक्षा करने को कहा. साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन समस्याओं का तय समय के भीतर प्रभावी समाधान किया जाए.
निवेश के लिए तैयार होगा आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र
UPSIDA का लक्ष्य कन्नौज के परफ्यूम पार्क को एक आधुनिक, सुविधाओं से लैस और निवेशकों के अनुकूल औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित करना है. इसके लिए सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल पर जोर दिया गया है.
UPSIDA के मुताबिक, इन कदमों का मकसद औद्योगिक ढांचे को मजबूत करना, निवेश को बढ़ावा देना और उत्तर प्रदेश में कारोबार करना आसान बनाना है.
ADVERTISEMENT











