CM Yogi Youth Suggestion: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को ड्रग्स और स्मार्टफोन के बढ़ते इस्तेमाल को लेकर आगाह किया है. गोरखपुर में नागपंचमी के मौके पर आयोजित प्रदेश स्तरीय सीनियर प्राइजमनी पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता के समापन समारोह में उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों से जोड़कर नशे से दूर रखा जा सकता है. सीएम योगी ने स्मार्टफोन के इस्तेमाल को लेकर कहा कि युवा जितना समय फोन पर बिताते हैं, उसका करीब 90 फीसदी हिस्सा फिजूल होता है.
ADVERTISEMENT
ड्रग माफिया पर गरजे सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, 'खेल और खेलकूद की गतिविधियों से जितना हमारा युवा जुड़ेगा, उतना ही नशे से दूर रहेगा.' उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में दो तरह के नशे पूरी युवा पीढ़ी के जीवन को प्रभावित कर रहे हैं. पहला ड्रग्स और दूसरे नशीले पदार्थों का नशा है. सीएम ने कहा कि नशा माफिया युवा पीढ़ी को अपने जाल में फंसाकर भारत को खोखला करना चाहता है. उन्होंने जागरूक नागरिकों और राष्ट्रभक्तों से इसके खिलाफ लड़ाई के लिए तैयार रहने की अपील की.
सीएम योगी ने स्मार्टफोन के अत्यधिक इस्तेमाल को भी युवाओं के लिए चुनौती बताया. उन्होंने कहा, 'जितना समय आप स्मार्टफोन पर खर्च करते हैं, उसमें से 90 फीसदी फिजूल का है. 10 फीसदी ही मात्र आपके उपयोग का है.' उन्होंने युवाओं से कहा कि अगर वे रोजाना 5-6 घंटे स्मार्टफोन से बचा सकें और उसमें से सिर्फ एक घंटा अपने शरीर को दें तो इसका सीधा फायदा स्वास्थ्य पर पड़ेगा.
सीएम योगी ने दिमाग को स्वस्थ रखने पर दिया जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ शरीर से स्वस्थ मस्तिष्क बनता है और इससे युवा मानसिक तनाव से भी बच सकते हैं. उन्होंने कहा, 'शरीर स्वस्थ होगा तो मस्तिष्क स्वस्थ होगा. मस्तिष्क स्वस्थ होगा तो भारत को सशक्त और समर्थ बनाने में आप अपना बेहतरीन योगदान दे पाएंगे.' उनके मुताबिक, शारीरिक गतिविधियों से युवाओं में किसी भी चुनौती का सामना करने का आत्मविश्वास बढ़ता है.
माफिया प्रवृत्ति पर खुलकर बोले CM योगी
गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा कि माफिया प्रवृत्ति युवा शक्ति की सबसे बड़ी दुश्मन है. उन्होंने शिक्षा माफिया, पेशेवर माफिया, खेल माफिया और ड्रग माफिया का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि अगर माफिया प्रवृत्ति बढ़ेगी तो सबसे ज्यादा नुकसान युवाओं को होगा. सीएम ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने खेल संस्कृति को बढ़ावा दिया है और युवाओं को इससे सकारात्मक तरीके से जुड़ना चाहिए.
‘पहले की सरकारों के एजेंडे में युवा नहीं थे’
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों के एजेंडे में खेल और युवा नहीं थे. सीएम ने आरोप लगाया कि युवाओं का केवल राजनीतिक इस्तेमाल किया गया. उन्होंने कहा कि नकल माफिया, शिक्षा माफिया या किसी भी क्षेत्र का ऐसा व्यक्ति जो युवा के भविष्य से खिलवाड़ करता है, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और उसकी संपत्ति जब्त की जा रही है.
खेल संस्कृति में आया बड़ा बदलाव
सीएम योगी ने कहा कि पिछले 10-12 वर्षों में देश की खेल संस्कृति में व्यापक बदलाव आया है. खेलो इंडिया, फिट इंडिया, सांसद व विधायक खेलकूद प्रतियोगिता और ग्रामीण लीग के जरिए नई प्रतियोगिताएं आगे बढ़ी हैं. उन्होंने कॉमनवेल्थ में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन का भी जिक्र किया. उनके मुताबिक, भारत चौथे स्थान पर रहा और उत्तर प्रदेश के नौ खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिनमें तीन खिलाड़ियों ने देश के लिए मेडल जीते. इनमें एक गोल्ड, एक सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल शामिल है.
ADVERTISEMENT











