यूपी पुलिस की महिला SI को Instagram पर वीडियो पोस्ट करना पड़ा भारी, आपत्तिजनक कंटेंट शेयर करने के आरोप में हुईं सस्पेंड

यूपी तक

17 Aug 2026 (अपडेटेड: 17 Aug 2026, 10:25 AM)

उत्तर प्रदेश पुलिस की एक महिला सब-इंस्पेक्टर (SI) को सोशल मीडिया पर कथित तौर पर आपत्तिजनक वीडियो शेयर करने के आरोप में निलंबित किया गया है. आरोप है कि महिला SI ने विभाग की सोशल मीडिया पॉलिसी का उल्लंघन किया.

UP Police Woman SI Suspend News

UP Police Woman SI Suspend News (Photo: Representational)

Google CTA

UP Police Woman SI Suspend News: उत्तर प्रदेश पुलिस में मेरठ में तैनात एक महिला सब-इंस्पेक्टर (SI) को सोशल मीडिया पर कथित तौर पर आपत्तिजनक वीडियो शेयर करने के आरोप में निलंबित किया गया है. आरोप है कि महिला SI ने विभाग की सोशल मीडिया पॉलिसी का उल्लंघन किया. पुलिस लाइन में तैनात SI सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म YouTube और Instagram पर जिम वर्कआउट, फिटनेस टिप्स और अपनी निजी जिंदगी से जुड़े वीडियो शेयर करती थीं. उनके सोशल मीडिया अकाउंट से यह भी पता चलता था कि वह उत्तर प्रदेश पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं. हाल ही में शेयर किए गए एक वीडियो में QR कोड दिखाई देने के बाद इसको लेकर सवाल उठे थे.

यह भी पढ़ें...

वीडियो वायरल होने के बाद हुई कार्रवाई

वीडियो के वायरल होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अविनाश पांडे ने महिला SI को निलंबित कर दिया. पुलिस की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि महिला SI का वर्दी में कोई वीडियो सामने नहीं आया है. वहीं, मामले से जुड़े वीडियो की सच्चाई और उसके अन्य पहलुओं की जांच साइबर सेल कर रही है. पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि सोशल मीडिया पर शेयर किए गए कंटेंट में विभाग की तय गाइडलाइन का उल्लंघन किस तरह हुआ. फिलहाल महिला SI के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जा चुकी है और मामले की जांच जारी है.

विभागीय जांच के भी आदेश

एसपी (क्राइम) अवनीश कुमार ने मामले को लेकर कहा 'विभाग की सोशल मीडिया पॉलिसी का उल्लंघन करने के कारण सस्पेंशन का आदेश दिया गया है.' उन्होंने बताया कि सब-इंस्पेक्टर के खिलाफ विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं. जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि फिलहाल साइबर सेल वीडियो से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है. यानी निलंबन के बाद अब विभागीय जांच की रिपोर्ट अहम होगी, जिसके आधार पर महिला SI के खिलाफ आगे का फैसला लिया जाएगा.

(आज तक के इनपुट से)