पीरियड्स आए तो खराब हुआ मूड... अंडमान में हनीमून पर दुल्हन को पति निखिल मिश्रा ने बेरहमी से पीटा फिर खत्म कर लिया रिश्ता

गोरखपुर में शादी के 45 दिन बाद विवाहिता ने पति पर हनीमून के दौरान मारपीट और गला दबाकर हत्या की कोशिश का आरोप लगाया. दहेज प्रताड़ना मामले में पति समेत ससुराल के तीन लोगों पर FIR दर्ज हुई है.

Gorakhpur News

Gorakhpur News

Google CTA

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर कोई भी हैरान रह जाए. दिल्ली के एक शादीशुदा जोड़े के बीच अंडमान-निकोबार में हनीमून के दौरान ऐसी घटना हुई कि नई नवेली दुल्हन को जान बचाकर भागना पड़ा.

यह भी पढ़ें...

आरोप है कि हनीमून के दौरान दुल्हन को पीरियड्स आने से भड़के पति निखिल मिश्रा ने उसे लात-घूंसों और थप्पड़ों से पीटा. आरोप है कि जब इससे भी हैवान पति का मन नहीं भरा तो उसने लड़की का गला दबाकर जान से मारने की कोशिश भी की. इतना ही नहीं शादी के महज 45 दिनों के भीतर ही पीड़ित युवती को प्रताड़ित कर दहेज के सामान सहित घर से बाहर निकाल दिया गया. अब पीड़िता की शिकायत पर गोरखपुर के रामगढ़ताल थाने में पति समेत ससुराल पक्ष के तीन लोगों पर केस दर्ज कर लिया गया है.

पता था तो हनीमून पर क्यों आई?

घटना जून-जुलाई 2023 की है. गोरखपुर के रामगढ़ताल क्षेत्र की रहने वाली युवती की शादी 30 मई 2023 को दिल्ली के पटपड़गंज के रहने वाले निखिल मिश्रा से हुई थी. विदाई के करीब एक महीने बाद 4 जुलाई को पति-पत्नी अंडमान-निकोबार द्वीप समूह हनीमून पर गए थे. पीड़िता के अनुसार, अंडमान के होटल में अचानक उसे पीरियड्स आ गए जिससे पेट में असहनीय दर्द होने लगा और काफी ब्लीडिंग होने लगी. दर्द से तड़पती पत्नी की मदद करने के बजाय पति आपा खो बैठा. इस दौरान उसने कहा कि 'जब पता था तो हनीमून पर क्यों आई? तूने मेरा पूरा मूड खराब कर दिया, अब मुझे तेरे साथ नहीं रहना है.'

यह कहते हुए पति ने उसे लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया और उसका गला दबा दिया.युवती की चीख-पुकार सुनकर होटल के कर्मचारी कमरे के बाहर पहुंचे और लगातार दरवाजा खटखटाने लगे जिससे डरकर पति ने उसे छोड़ा और होटल कर्मचारियों ने उसकी जान बचाई.

ससुर को फोन पर दी धमकी और 45 दिनों में तोड़ा रिश्ता

मारपीट के तुरंत बाद पति ने गोरखपुर में मौजूद ससुर को फोन कर गाली-गलौज की और कहा 'अपनी बेटी को दिल्ली आकर ले जाओ, मैं इसके साथ नहीं रहूंगा.' किसी तरह दिल्ली स्थित अपनी ससुराल पहुंची पीड़िता ने जब सास और ननद को पूरी आपबीती बताई तो उन्होंने भी हमदर्दी जताने के बजाय उल्टे पति का ही साथ दिया.

14 जुलाई 2023 को यानी शादी के मात्र 45 दिन बाद युवती को उसके सारे जेवर और दहेज का सामान छीनकर घर से निकाल दिया गया. लड़की के पिता जब समझाने पहुंचे तो उन्हें भी बेइज्जत कर भगा दिया गया. इसके बाद से ही पति लगातार व्हाट्सएप पर जान से मारने की धमकियां दे रहा था.

40 लाख का दहेज फिर भी प्रताड़ना

पीड़िता के परिवार का आरोप है कि शादी के वक्त उन्होंने अपनी हैसियत से बढ़कर 20 लाख रुपये नकद और एक हुंडई वेन्यू कार समेत करीब 40 लाख रुपये का सामान दिया था. लेकिन इसके बावजूद ससुराल वाले ब्रांडेड सामान न मिलने का ताना देकर युवती को लगातार जलील करते थे.

एसएसपी के हस्तक्षेप के बाद दर्ज हुई FIR

यह मामला पिछले तीन सालों से दबा हुआ था. पीड़िता का परिवार पहले समझौते की कोशिश करता रहा और फिर थानों के चक्कर काटता रहा. जब कहीं सुनवाई नहीं हुई तो परिजनों ने गोरखपुर के एसएसपी डॉ. कौस्तुभ से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई.एसएसपी के सख्त निर्देशों के बाद रामगढ़ताल थाने में केस दर्ज किया गया है.

थाना प्रभारी ने बताया कि 'युवती की तहरीर के आधार पर पति निखिल मिश्रा, सास संजू मिश्रा और ननद नेहा पांडेय के खिलाफ संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर ली गई है. मामले की जांच उप-निरीक्षक सुनील कुमार यादव को सौंपी गई है. जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.'