17 और 24 अगस्त को बंद रहेंगे इस जिले के सभी स्कूल, प्रशासन ने जारी किया आदेश

Bareilly News: बरेली में प्रशासन ने स्कूलों की छुट्टी और समय को लेकर एक नया आदेश जारी किया है. जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कांवड़ियों की भारी भीड़ को देखते हुए सावन के तीसरे और चौथे सोमवार को जिले के सभी परिषदीय स्कूलों में छुट्टी का ऐलान किया है.

UP Tak
Google CTA

School will be Closed: सावन के महीने में कांवड़ यात्रा के दौरान उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए बरेली जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम उठाया है. कांवड़ियों की भीड़, संभावित ट्रैफिक जाम और रूट डायवर्जन के कारण तीसरे और चौथे सोमवार को जिले के सभी परिषदीय (सरकारी) स्कूलों में छुट्टी का ऐलान किया गया है. जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) की ओर से जिलाधिकारी अविनाश सिंह के निर्देशों पर यह आधिकारिक आदेश जारी किया गया है.

यह भी पढ़ें...

क्यों लिया गया छुट्टी का फैसला?

प्रशासन के अनुसार, सावन के तीसरे सोमवार पर कछला घाट और हरिद्वार से बड़ी संख्या में कांवड़िया व शिवभक्त जलाभिषेक करने के लिए बरेली पहुंचते हैं. सड़कों पर श्रद्धालुओं की भारी मौजूदगी के कारण जगह-जगह ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती है. बच्चों और अभिभावकों को आने-जाने में कोई परेशानी न हो और किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके इसलिए सावन के तीसरे और चौथे सोमवार को अवकाश घोषित किया गया है. बता दें कि यह आदेश जिले के सभी परिषदीय (सरकारी) स्कूलों पर लागू होगा.

स्कूलों की टाइमिंग में भी बदलाव रद्द

कांवड़ यात्रा की छुट्टी के साथ-साथ प्रशासन ने स्कूलों के समय को लेकर भी स्थिति साफ की है. पूर्व में कक्षा 1 से 8 तक के स्कूलों का समय दोपहर 12:30 बजे तक तय किया गया था. लेकिन अब मौसम सामान्य होने के बाद इस हाफ-डे व्यवस्था को खत्म कर दिया गया है. शासन के टाइम एवं मोशन स्टडीज के दिशा-निर्देशों के तहत अब सभी स्कूल अपने नियमित (फुल-डे) टाइम टेबल के अनुसार ही संचालित होंगे.

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सोमवार की छुट्टी का फैसला पूरी तरह से बच्चों और आम जनता की सहूलियत को ध्यान में रखकर लिया गया है  और बाकी दिनों में निर्धारित शेड्यूल के मुताबिक ही पढ़ाई चलेगी.

आदेश न मानने पर होगी कार्रवाई

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी स्कूल प्रमुखों और अधिकारियों को इस आदेश का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है. उन्होंने साफ चेतावनी दी है कि अगर कोई भी इस आदेश को लागू करने में लापरवाही बरतता है, तो उसके खिलाफ नियम के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.