Bareilly Acid Drinking Murder Case: उत्तर प्रदेश के बरेली में एक महिला पर अपने पति को तेजाब पिलाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है. आरोप है कि महिला ने यह कदम अपने ब्वॉयफ्रेंड के साथ मिलकर उठाया. बताया जा रहा है कि करीब तीन महीने पहले पति ने पत्नी को मकान मालिक के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया था. इसके बाद घर में विवाद बढ़ गया. इलाज के दौरान पति की मौत हो गई. पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
13 साल पहले हुई थी शादी
मामला बारादरी थाना क्षेत्र के जोगी नवादा का बताया जा रहा है. यहां रहने वाले इसराइल की शादी करीब 13 साल पहले गौसिया से हुई थी. परिवार के मुताबिक, शादी के शुरुआती वर्षों में दोनों के बीच सब ठीक रहा, लेकिन बाद में विवाद शुरू हो गया. इसके बाद परिवार में संपत्ति का बंटवारा हुआ और इसराइल को भी हिस्सा मिला. कुछ समय बाद वह घर छोड़कर किराए के मकान में रहने लगा.
पत्नी के संबंधों का शक
परिजनों का आरोप है कि करीब तीन महीने पहले इसराइल को अपनी पत्नी गौसिया और मकान मालिक सलीम के बीच कथित संबंधों की जानकारी हुई. आरोप है कि एक दिन इसराइल ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया. इसके बाद वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा. परिवार के अनुसार, इस घटना के बाद उसने आत्महत्या करने की कोशिश भी की थी, लेकिन परिजनों ने उसे बचा लिया. इसके बाद परिवार में तनाव और बढ़ गया.
ब्वॉयफ्रेंड के साथ मिलकर पिलाया तेजाब?
मृतक की मां बारिशा ने आरोप लगाया कि बेटे द्वारा पत्नी और सलीम को कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में देखे जाने के बाद परिवार की बदनामी होने लगी थी. उनका आरोप है कि इसी वजह से गौसिया ने सलीम के साथ मिलकर इसराइल को रास्ते से हटाने की योजना बनाई. परिवार का दावा है कि दोनों ने मिलकर उसे तेजाब पिला दिया. हालत बिगड़ने पर इसराइल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, मौत से पहले अस्पताल में इसराइल का बयान भी दर्ज किया गया था.
पुलिस ने शुरू की जांच
सीओ आशुतोष शिवम के मुताबिक, अस्पताल से पुलिस को एक मेमो मिला था, जिसमें चक महमूद, बारादरी निवासी इसराइल की तेजाब पीने से मौत की जानकारी दी गई. मृतक की पत्नी पर उसके कथित ब्वॉयफ्रेंड के साथ मिलकर तेजाब पिलाने का आरोप लगाया गया है. परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और आरोपों से जुड़े तथ्यों की पुष्टि की जा रही है.
ADVERTISEMENT











