भोजपुरी सिनेमा का चर्चित रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' इन दिनों शो के कंटेंट से ज्यादा सितारों के आपसी विवादों को लेकर सुर्खियों में बना हुआ है. शो में आम्रपाली दुबे,दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ, काजल राघवानी और राजनीति से जुड़े चर्चित चेहरे तेज प्रताप यादव नजर आ रहे हैं. इसी बीच शो के नए एपिसोड से भोजपुरी इंडस्ट्री के पावर स्टार पवन सिंह का एक इमोशनल वीडियो सामने आया है जिसमें वे बदनामी और विवादों से डरते हुए कैमरे के सामने इमोशनल होते नजर आए.
ADVERTISEMENT
भगवान से कहता हूं प्रभु मुझे कलंक से बचाइए-पवन सिंह
शो के दौरान अपनी पर्सनल लाइफ और विवादों पर बात करते हुए पवन सिंह बेहद संजीदा नजर आए. अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा 'मैं बहुत सोचता हूं, बहुत संकोच करता हूं और बहुत डरता भी हूं. मैं हमेशा भगवान से बस यही कहता हूं कि प्रभु हमें कलंक और दाग से बचाइए.' पवन सिंह ने आगे कहा कि उनके पास केवल उनके प्रशंसकों और जनता की दुआओं की दौलत है. वे भले ही महंगी गाड़ियों के शौकीन हों लेकिन उनकी सबसे बड़ी चाहत यही है कि देश का हर माता-पिता यही बोले कि उन्हें पवन सिंह जैसा बेटा चाहिए.
राजनीति में एंट्री और आसनसोल टिकट विवाद पर चर्चा
सिंगर,एक्टर और राजनेता के रूप में सक्रिय पवन सिंह ने शो में मौजूद बिहार के नेताओं से अपने राजनीतिक करियर को लेकर खुलकर चर्चा की. पवन सिंह ने मार्च 2024 के उस वाकये को याद किया जब भाजपा ने उन्हें पश्चिम बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट से उम्मीदवार घोषित किया था.हालांकि उम्मीदवारी के अगले ही दिन उनके गानों को लेकर विवाद शुरू हो गया जिसके बाद उन्होंने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था.
शो में मौजूद नेताओं ने पवन सिंह को समझाते हुए कहा कि राजनीति में कई विवाद जबरन खड़े किए जाएंगे और उनके पास हर आरोप का काउंटर जवाब होना चाहिए. राजनीति में आगे बढ़ने के लिए इन सभी चुनौतियों को पार करना पड़ता है.
पर्सनल लाइफ बनी चर्चा का विषय
भोजपुरी इंडस्ट्री में पवन सिंह का नाम अक्सर विवादों से जुड़ता रहा है.अक्षरा सिंह के साथ ब्रेकअप के बाद उनकी शादी ज्योति सिंह से हुई. लेकिन अब यह रिश्ता भी कानूनी विवादों और तलाक के मोड़ पर है. खेसारी लाल यादव के साथ उनके मतभेद और स्टेज पर महिला सह-कलाकारों के साथ गलत व्यवहार के आरोपों को लेकर भी वे सवालों के घेरे में रहे हैं. इन तमाम विवादों के बावजूद भोजपुरी बवाल शो में पवन सिंह का यह इमोशनल रूप उनके प्रशंसकों के बीच काफी चर्चा बटोर रहा है.
ADVERTISEMENT











