पवन सिंह के मंच पर चढ़े कांवड़िए को गार्ड्स ने फेंक दिया नीचे, फिर जो हुआ वो सब देखते रह गए

यूपी तक

• 04:58 PM • 10 Aug 2026

बस्ती में भोजपुरी स्टार पवन सिंह की भजन संध्या के दौरान सुरक्षा घेरा टूटने पर जमकर हंगामा हुआ. मंच पर चढ़े कांवड़िए को गार्ड ने नीचे फेंका तो हजारों कांवड़िए भड़क उठे. माहौल बिगड़ता देख पवन सिंह ने खुद हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया.

Pawan Singh News

Pawan Singh News

Google CTA

भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार और बीजेपी नेता पवन सिंह का जलवा हो और वहां फैंस का हुजूम बेकाबू न हो ऐसा होना लगभग नामुमकिन सा है.उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में आयोजित एक भव्य भजन संध्या के दौरान कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला. कार्यक्रम में पवन सिंह के भजनों पर भक्ति का ऐसा खुमार चढ़ा कि पूरी सुरक्षा व्यवस्था ध्वस्त हो गई. कार्यक्रम के दौरान मंच पर चढ़ने की कोशिश कर रहे एक कांवड़िए को जब सुरक्षाकर्मियों ने नीचे फेंक दिया तो हजारों कांवड़िए भड़क उठे और मौके पर भारी हंगामा हो गया. माहौल बिगड़ता देख खुद पवन सिंह को मंच से कमान संभालनी पड़ी.

यह भी पढ़ें...

सुरक्षा घेरा तोड़कर मंच पर चढ़ा फैन 

घटना बस्ती जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित फुटैहिया चौराहे की है. यहां अयोध्या से सरयू नदी का जल लेकर भारीश्वर नाथ मंदिर तक 80 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा कर रहे कांवड़ियों के लिए एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. जैसे ही पवन सिंह ने माइक संभाला और शिव भक्ति के भजन गाना शुरू किए, पूरा पंडाल हर-हर महादेव से गूंज उठा. इसी बीच एक बेकाबू कांवड़िया पवन सिंह से मिलने की जिद में सुरक्षा चक्र तोड़कर सीधे स्टेज पर कूद पड़ा.

गार्ड्स ने नीचे फेंका तो भड़के हजारों कांवड़िए

मंच पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने बिना देर किए उस युवक को पकड़ा और स्टेज से नीचे फेंक दिया. गार्ड्स का यह सख्त एक्शन देखकर वहां मौजूद हजारों कांवड़िए उग्र हो गए और देखते ही देखते हंगामे की स्थिति बन गई. स्थिति को बिगड़ता देख पवन सिंह ने तुरंत माइक से हस्तक्षेप किया. सुरक्षाकर्मियों को रोककर पवन सिंह ने उस कांवड़िए को वापस सम्मान के साथ स्टेज पर बुलाया. तब जाकर भीड़ का गुस्सा शांत हुआ.

दूसरे फैन पर भड़के पवन सिंह 

अफ़रा-तफ़री का माहौल अभी पूरी तरह थमा भी नहीं था कि एक और कांवड़िया नंगे बदन सुरक्षा घेरा तोड़कर पवन सिंह से मिलने मंच की ओर लपका. बार-बार हो रही इस सुरक्षा चूक पर पवन सिंह भी असहज नजर आए और उन्होंने भरे मंच से उस युवक को फटकार लगाई. हालांकि इस पूरे घटनाक्रम के बीच पवन सिंह की दीवानगी ऐसी थी कि वहां तैनात कई सुरक्षाकर्मी भी ड्यूटी छोड़ उनके साथ फोटो खिंचवाने में मशगूल दिखे.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

बस्ती से सामने आई इस घटना के दो अलग-अलग वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. एक वीडियो में गार्ड्स द्वारा कांवड़िए को नीचे फेंके जाने और उसके बाद हुए हंगामे का नजारा है. वहीं दूसरे में पवन सिंह का फैन उनसे मिलने की कोशिश करता दिख रहा है. यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि 'पावर स्टार' की एक झलक पाने के लिए उनके फैंस किसी भी हद तक जाने को तैयार रहते हैं.