Meerut Crime News: उत्तर प्रदश के मेरठ जिले में BSF जवान नैन सिंह की हत्या का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है. पुलिस के अनुसार, नैन सिंह की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उनकी पत्नी कोमल ने की थी. इस हत्या में उसके प्रेमी गुलशन ने भी साथ दिया था. नैन सिंह की पत्नी का अफेयर उसके मौसेरे भाई गुलशन के साथ चल रहा था. इस बात की खबर नैन सिंह तक पहुंच चुकी थी. इस वजह से दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. इस बीच नैन सिंह जब घर आए तब पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर उन्हें गोली मार दी. पुलिस ने कोमल, उसके प्रेमी समेत तीन अन्य लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. जांच में सामने आया कि पत्नी ने अपने ही सुहाग को रास्ते से हटाने के लिए अपने गहने तक गिरवी रख दिए थे.
ADVERTISEMENT
अवैध संबंधों में रुकावट बन रहा था पति
इंचौली थाना क्षेत्र के धनपुर गांव में 28 मार्च को बीएसएफ जवान नैन सिंह का शव उनके घर में लहूलुहान हालत में मिला था. शुरुआती जांच में परिजनों ने पड़ोसियों पर रंजिश का शक जताया था. लेकिन पुलिस की वैज्ञानिक जांच और सीसीटीवी फुटेज ने कहानी पलट दी. पुलिस को एक फुटेज मिला जिसमें रात के वक्त घर का दरवाजा खुलता और रोशनी बाहर आती दिखी. जब कड़ियां जोड़ी गईं तो पता चला कि नैन सिंह की पत्नी कोमल का उसके मौसेरे भाई गुलशन के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था.
गहने गिरवी रखकर जुटाए हत्या के पैसे
पुलिस की पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों में यह खौफनाक सच सामने आया कि नैन सिंह को अपनी पत्नी और गुलशन के रिश्तों की भनक लग गई थी. वह अक्सर गुलशन को ताने मारता था और गाली-गलौज करता था. इसी कांटे को रास्ते से हटाने के लिए कोमल और गुलशन ने हत्या का प्लान बनाया. कोमल पिछले काफी समय से अलग रह रही थी.उसने अपने सोने के जेवर गिरवी रखे और उससे मिले पैसे प्रेमी गुलशन को दिए. गुलशन ने उन पैसों का लालच देकर अपने दोस्त राहुल,गुड्डू और मोंटू को इस साजिश में शामिल किया. योजना के मुताबिक 27-28 मार्च की दरमियानी रात नैन सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई.
पुलिस की कार्रवाई
मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडे ने बताया कि पुलिस ने पांचों आरोपी गुलशन, राहुल उर्फ पवन, गुड्डू, मोंटू और मृतक की पत्नी कोमल को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया .315 बोर का तमंचा, खोखा और जिंदा कारतूस भी बरामद कर लिया गया है. एसएसपी के मुताबिक यह पूरी तरह से एक सुनियोजित हत्याकांड था जिसे अवैध संबंधों को छिपाने और बदले की भावना से अंजाम दिया गया.फिलहाल सभी आरोपियों को जेल भेजने की विधिक कार्रवाई की जा रही है.
ADVERTISEMENT









