मेरठ में अगर सड़क पर पढ़ी ईद की नमाज तो जब्त हो जाएगा पासपोर्ट! SSP ने ऐसा और क्या कहा जिससे मच गई हलचल

UP News: यूपी तक के शो आज का यूपी में देखें मोनालिसा-फरमान की शादी का सच, ईद की नमाज पर मेरठ एसएसपी की चेतावनी और आसाराम बापू की अयोध्या यात्रा का पूरा विश्लेषण.

UP News

कुमार अभिषेक

14 Mar 2026 (अपडेटेड: 14 Mar 2026, 09:41 AM)

follow google news

UP News: यूपी Tak का खास शो आज का यूपी राज्य की राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक हलचलों का सटीक विश्लेषण लेकर आता है. आज के अंक में हम तीन प्रमुख खबरों पर चर्चा करेंगे. कुंभ फेम गर्ल मोनालिसा और फरमान खान की शादी के पीछे छिपा उनके पिता का दर्द और लव जिहाद के आरोप. ईद की नमाज को लेकर मेरठ एसएसपी की सख्त चेतावनी जिसने मुस्लिम समुदाय में हलचल पैदा कर दी है और रेप के मामले में सजा काट रहे आसाराम बापू की अयोध्या यात्रा और संतों के साथ उनकी मुलाकात.

यह भी पढ़ें...

मोनालिसा और फरमान की शादी, मर्जी या साजिश? पिता के आंसुओं ने खड़े किए सवाल

कुंभ मेले से चर्चा में आई मोनालिसा और फरमान खान की शादी इस वक्त पूरे देश में चर्चा का विषय बनी हुई है. दोनों ने केरल में जाकर शादी कर ली है और प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसे अपनी मर्जी का फैसला बताया है. फरमान खान का दावा है कि उन्होंने हिंदू रीति-रिवाजों से शादी की है और इसमें कोई लव जिहाद नहीं है. 

हालांकि, इस कहानी का दूसरा पहलू बेहद दर्दनाक है. मोनालिसा के पिता का आरोप है कि उन्हें केरल के तिरुवनंतपुरम में एक संगठित तरीके से उनकी बेटी से अलग किया गया.उन्होंने यूपी Tak से बात करते हुए बताया कि जिस दिन उन्हें वापस लौटना था, उसी सुबह उन्हें जबरन होटल से भगा दिया गया और उनकी बेटी से मिलने तक नहीं दिया गया. पिता का कहना है कि उनकी बेटी बहुत भोली है और उसे बहला-फुसलाकर या कुछ खिला-पिलाकर यह कदम उठवाया गया है. 

दूसरी ओर, मोनालिसा को फिल्मों में ब्रेक देने वाले निर्देशक सनोज मिश्रा ने इसे लव जिहाद करार देते हुए सोशल मीडिया पर एक लंबी पोस्ट लिखी है. पिता का कहना है कि वे आदिवासी समाज से आते हैं और इस घटना के बाद समाज में उन्हें काफी अपमानित होना पड़ रहा है. 

ईद की नमाज पर मेरठ पुलिस सख्त, सड़क पर नमाज हुई तो रद्द होगा पासपोर्ट

संभल के सीओ के विवादित बयान के बाद अब मेरठ के एसएसपी के एक बयान ने मुस्लिम समुदाय में रोष पैदा कर दिया है. ईद की नमाज की तैयारियों के बीच मेरठ के एसएसपी ने साफ कर दिया है कि किसी भी कीमत पर सड़कों पर नमाज बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

एसएसपी ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि अगर किसी ने कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या सड़क पर नमाज पढ़ने की कोशिश की, तो न केवल उन पर एफआईआर दर्ज होगी और उन्हें जेल भेजा जाएगा, बल्कि उनके पासपोर्ट के निरस्तीकरण और जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी. प्रशासन के इस रुख से मुस्लिम उलेमाओं और संगठनों में नाराजगी देखी जा रही है. गौरतलब है कि इससे पहले संभल के सीओ ने ईरान-इजरायल युद्ध के संदर्भ में प्रदर्शनकारियों को लेकर तीखी टिप्पणी की थी, जिससे माहौल पहले से ही संवेदनशील बना हुआ है. 

अयोध्या पहुंचे आसाराम बापू, चंपत राय और संतों ने किया स्वागत

यौन उत्पीड़न और रेप के मामले में सजा काट रहे आसाराम बापू की तस्वीरों ने अयोध्या में हलचल मचा दी है. फिलहाल छह महीने की कंडीशनल जमानत पर बाहर आए आसाराम बापू ने रामलला के दर्शन किए.

हैरान करने वाली बात यह रही कि मंदिर परिसर में उनकी मुलाकात राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास जैसे प्रमुख लोगों से हुई. इन सभी ने आसाराम बापू का स्वागत किया और उनके साथ समय बिताया. सजायाफ्ता होने के बावजूद अयोध्या के संतों द्वारा उनके इस भव्य स्वागत की तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जो चर्चा और बहस का विषय बनी हुई हैं. 

यहां देखें पूरा वीडियो

ये भी पढ़ें: मोनालिसा के मुस्लिम देवर शमद ने अब उसके बारे में ये कैसी बातें बता दीं!