Meerut Crime News: शहर की भीड़भाड़ वाली सड़कों और मोहल्लों की खामोशी के पीछे कभी-कभी ऐसे राज दफन होते हैं, जिनकी भनक लगते ही लोग सन्न रह जाते हैं. कुछ ऐसा ही मामला मेरठ के रेलवे रोड क्षेत्र से सामने आया है. यहां पुलिस ने एक कथित देह व्यापार गिरोह का पर्दाफाश किया है.
ADVERTISEMENT
रेलवे रोड इलाके का भाटीपुरा देवपुरी मोहल्ला. यहां एक घर के अंदर जिस्मफरोशी का धंधा फल-फूल रहा था. पुलिस को पिछले कुछ समय से गुप्त सूचनाएं और शिकायतें मिल रही थीं कि इस घर में कुछ तो गलत काम हो रहा है. फिर क्या था पुलिस ने जाल बिछाया और मंगलवार को अचानक छापेमारी कर दी.
पिंकू पठान है इस रैकेट का मास्टरमइंड!
पुलिस जांच में जो खुलासा हुआ उसने सबको चौंका दिया. इस रैकेट का मास्टरमाइंड इरशाद पठान उर्फ पिंकू पठान निकला. हैरानी की बात यह है कि वह यह काला कारोबार किसी सुनसान ठिकाने से नहीं, बल्कि अपने ही घर से अपनी पत्नी शगुफ्ता खान और अन्य साथियों के साथ मिलकर चला रहा था. पिंकू और उसकी पत्नी इस गिरोह की धुरी थे. जबकि उनके बाकी साथी ग्राहकों को लाने-ले जाने और अन्य सुविधाएं मुहैया कराने का जिम्मा संभालते थे.
पुलिस की दबिश और गिरफ्तारी
थाना प्रभारी जनार्दन प्रसाद के नेतृत्व में जब पुलिस टीम ने भाटीपुरा देवपुरी के उस घर में दस्तक दी, तो वहां भगदड़ मच गई. पुलिस ने मौके से एक महिला सहित कुल पांच लोगों को धर दबोचा. पकड़े गए आरोपियों के नाम माजिद मलिक, दानियाल उर्फ साहिल, शगुफ्ता खान (मुख्य आरोपी की पत्नी), शाकिर और ताबिश हैं. हालांकि, मुख्य सरगना इरशाद पठान उर्फ पिंकू पठान पुलिस की भनक लगते ही भागने में सफल रहा.
पुलिस ने जब घर की तलाशी ली, तो वहां से कई आपत्तिजनक सामग्रियां बरामद हुईं. मौके से 4 मोबाइल फोन, एक सीसीटीवी डीवीआर, 4,200 रुपये नकद और एक स्कूटर जब्त किया गया है. अब इन सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस की टीमें फरार पिंकू पठान की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही हैं.
ADVERTISEMENT









