दुबई में पति, मेरठ में आशिकी... गुरमीत कौर के 7 साल के बच्चे को BF अर्पित ने मार डाला, क्या मां ने रची थी कत्ल की पटकथा?

उस्मान चौधरी

• 10:51 AM • 18 Jun 2026

Meerut Crime News: उत्तर प्रदेश के मेरठ के बहसूमा में एक 7 वर्षीय बच्चे अंगद की कार में ले जाकर हत्या करने का मामला सामने आया है. पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से आरोपी बैंक कर्मी अर्पित को गिरफ्तार किया है, जिसका बच्चे की मां से प्रेम प्रसंग था.

Meerut Crime News

Meerut Crime News

Google CTA

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के बहसूमा थाना क्षेत्र से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है. यहां रामराज के पास फिरोजपुर (सैफपुर) गांव में घर के बाहर खेल रहे 7 साल के एक मासूम बच्चे अंगद का कार से अपहरण कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई. पुलिस ने इस मामले में 24 घंटे के भीतर सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. चौंकाने वाली बात यह है कि इस मर्डर के पीछे मां का अवैध प्रेम प्रसंग सामने आया है, जिसमें मासूम बच्चा बाधा बन रहा था.

यह भी पढ़ें...

चॉकलेट का लालच देकर कार में बैठाया, मां का प्रेमी ही निकला कातिल

जानकारी के मुताबिक, मुजफ्फरनगर के मीरापुर का रहने वाला आरोपी अर्पित पाराशर एक बैंक में नौकरी करता है. अर्पित का मृतक बच्चे की मां गुरमीत कौर के साथ काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था और वह अक्सर महिला से मिलने उसके घर आया-जाया करता था. मंगलवार सुबह करीब 11 बजे आरोपी अर्पित कार लेकर अपनी प्रेमिका के घर पहुंचा. उसने देखा कि 7 साल का मासूम अंगद घर के बाहर अकेला खेल रहा है. आरोपी ने उसे आवाज देकर पास बुलाया और चॉकलेट दिलाने के बहाने अपनी कार में बैठा लिया. इसके बाद वह उसे सुनसान इलाके में ले गया और उसकी हत्या कर शव को गंगनहर के किनारे एक खेत के जंगल में फेंक दिया.

पहले पुलिस को घंटों गुमराह किया, गंगनहर में चला सर्च ऑपरेशन

बच्चे के अचानक गायब होने पर परिजनों ने तुरंत पुलिस को अपहरण की सूचना दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने छानबीन शुरू की. सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर बच्चा एक कार में जाता हुआ दिखाई दिया, जिसके आधार पर पुलिस ने संदेही अर्पित को हिरासत में ले लिया.

पूछताछ के दौरान आरोपी पुलिस को लगातार गुमराह करता रहा और अपने बयान बदलता रहा. पहले उसने दावा किया कि उसने बच्चे को मवाना थाना क्षेत्र में गंगनहर में फेंक दिया है. इस इनपुट पर पीएसी और गोताखोरों की टीमों ने कई घंटों तक नहर में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला.

सख्ती बरतने पर उगला सच, खेत से बरामद हुआ मासूम अंगद का शव

जब पुलिस ने आरोपी अर्पित से कड़ाई से पूछताछ की, तो वह टूट गया. उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने आखिरकार गंगनहर के किनारे एक खेत से मासूम अंगद का शव बरामद कर लिया. एसपी देहात अभिजीत कुमार सिंह ने बताया कि गठित की गई पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अर्पित को गिरफ्तार कर लिया है और उसने स्वीकार किया है कि उसी ने बच्चे को मौत के घाट उतारा था.

पिता दुबई में, मां की भूमिका भी संदिग्ध

इस पूरे हत्याकांड में एक और बड़ा मोड़ सामने आया है. मृतक अंगद के पिता गुरुसेवक दुबई में नौकरी करते हैं और बच्चे की मां काफी समय से अलग रह रही थी. मासूम अंगद अपनी दादी बलजिंदर कौर के साथ पंजाब के पटियाला में रहकर पढ़ाई कर रहा था. वह महज एक हफ्ते पहले ही अपनी दादी के साथ मेरठ के बहसूमा स्थित अपने इस घर पर आया था, जहां वह इस खूनी साजिश का शिकार हो गया.

इलाके में चर्चा है कि इस वारदात में मां गुरमीत कौर की भूमिका भी संदिग्ध है. पुलिस इस पहलू को ध्यान में रखकर बच्चे की मां गुरमीत कौर को हिरासत में लेकर गहनता से पूछताछ कर रही है ताकि यह साफ हो सके कि क्या वह भी इस साजिश में शामिल थी.