मथुरा के थाना जैत इलाके में छटीकरा रोड पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सड़क पर एक युवती जोर-जोर से चिल्लाते हुए खुद के साथ दुष्कर्म होने का आरोप लगाने लगी. मध्य प्रदेश की रहने वाली इस युवती ने प्रकाश शर्मा नामक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए हैं. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
मकान और 15 लाख के लेन-देन का विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में यह मामला जमीनी विवाद और उधारी से जुड़ा नजर आ रहा है. बताया जा रहा है कि पीड़ित युवती की मां और आरोपी प्रकाश शर्मा के बीच ₹15,00,000 के एक मकान को लेकर पुराना विवाद चल रहा है. युवती की मां ने एक मकान दानपत्र (Gift Deed) किया था, जिस पर बैंक का लोन बकाया है. इसी विवाद के बीच युवती ने आरोपी पर जबरदस्ती करने का आरोप लगाया है.
आरोपी हिरासत में, मेडिकल रिपोर्ट का इंतज़ार
शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपी प्रकाश शर्मा को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है. अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही दुष्कर्म की पुष्टि हो पाएगी और उसी के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
निष्पक्ष जांच का भरोसा
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने स्थिति स्पष्ट की है. पुलिस के अनुसार, मामला बेहद संवेदनशील है क्योंकि इसमें गंभीर आरोपों के साथ-साथ संपत्ति का बड़ा विवाद भी शामिल है. पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोनों पक्षों के दावों और तथ्यों की गहराई से जांच की जा रही है ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके और निष्पक्ष न्याय सुनिश्चित किया जा सके.
ADVERTISEMENT









