Vrindavan Illegal Construction: वृंदावन में अवैध निर्माणों पर बवाल, कांग्रेस का आरोप- MVDA की मिलीभगत; आंदोलन की चेतावनी

Vrindavan News: वृंदावन में बढ़ते अवैध निर्माण को लेकर कांग्रेस ने MVDA पर सुविधा शुल्क लेकर मंजूरी देने का आरोप लगाया है. शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने पर कांग्रेस ने उग्र आंदोलन और MVDA कार्यालय पर तालाबंदी की चेतावनी दी है.

Newzo

• 12:52 PM • 04 Apr 2026

follow google news

Vrindavan News: वृंदावन शहर में लगातार बढ़ते अवैध निर्माणों को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष यतेंद्र मुकद्दम ने कहा है कि मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण (MVDA) द्वारा सुविधा शुल्क लेकर अवैध निर्माणों को मंजूरी दी जा रही है, जिसके चलते शहर के बीचों-बीच धड़ल्ले से निर्माण कार्य जारी हैं.

यह भी पढ़ें...

उन्होंने बताया कि महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा कुछ चल रहे अवैध निर्माणों को चिन्हित कर उनके संबंध में मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण (MVDA) के उपाध्यक्ष एवं सचिव को लिखित शिकायती पत्र भी सौंपे गए थे. इसके बावजूद भी अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी और पिछले लगभग डेढ़ महीने से लगातार निर्माण कार्य जारी हैं.

यतेंद्र मुकद्दम ने आगे कहा कि इस पूरे मामले को जिलाधिकारी महोदय के संज्ञान में भी लाया गया. जिलाधिकारी महोदय ने तत्काल संज्ञान लेते हुए MVDA के उपाध्यक्ष एवं सचिव को निर्देशित किया कि इन अवैध निर्माणों को तुरंत रोका जाए. लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह है कि उनके आदेशों की भी खुलेआम अवहेलना की गई और निर्माण कार्य बदस्तूर जारी हैं.

अवैध निर्माण नहीं रुके तो होगा उग्र आंदोलन

उन्होंने कहा कि यह स्थिति न केवल शहर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को क्षति पहुँचा रही है, बल्कि प्रशासनिक तंत्र की लापरवाही और उदासीनता को भी उजागर करती है. यतेंद्र मुकद्दम ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही अवैध निर्माणों पर रोक नहीं लगाई गई और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा तथा मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण (MVDA) कार्यालय पर तालाबंदी करने का कार्य किया जाएगा.

उन्होंने स्पष्ट कहा कि शहर की आस्था और व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर जनहित की लड़ाई लड़ने को तैयार हैं.

यह भी पढ़ें: Raebareli Police Action: रायबरेली में ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत बड़ी कार्रवाई, 50 हजार का इनामी गैंगस्टर इकबाल गिरफ्तार