Mathura Highway Hadsa: मथुरा में दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते बचा. ट्रैक्टरों से लदा एक ट्रोला अनियंत्रित होकर गोकुल रेस्टोरेंट के पास माहेश्वरी फ्लाईओवर की रेलिंग पर हवा में लटक गया. इस घटना से हाईवे पर हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग इस हैरान कर देने वाले नजारे को देखने के लिए जमा हो गए.
ADVERTISEMENT
ड्राइवर को आई नींद की झपकी?
शुरुआती जानकारी और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रोला काफी तेज रफ्तार में था. माना जा रहा है कि लंबे सफर की थकान के कारण ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई, जिससे वाहन पर से उसका संतुलन बिगड़ गया. गनीमत यह रही कि ट्रोला पूरी तरह नीचे नहीं गिरा, वरना एक बड़ी जनहानि हो सकती थी.
चालक-परिचालक घायल, अस्पताल में भर्ती
हाइवे पेट्रोलिंग टीम के कर्मचारी गोविंद ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी. इस हादसे में ट्रोले के चालक और परिचालक घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. राहत की बात यह रही कि सड़क से गुजर रहे अन्य राहगीर इस हादसे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए.
ऐसे किया गया रेस्क्यू
हादसे के बाद फ्लाईओवर पर काफी देर तक ट्रैफिक प्रभावित रहा. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला. क्रेन और जेसीबी मशीनों की मदद से हवा में लटके भारी-भरकम ट्रोले को हटाने का काम शुरू किया गया. काफी मशक्कत के बाद स्थिति को सामान्य किया जा सका.
ADVERTISEMENT









