UP News: मथुरा जिले के कोसीकलां थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक युवती को कार में जबरन बैठाकर ले जाने की घटना सामने आई. बताया गया कि युवती हाईवे स्थित बाईपास के व्यस्त इलाके में कहीं जाने के लिए खड़ी थी. तभी हरियाणा नंबर की एक वैगनआर कार वहां आकर रुकी. कार में सवार एक युवक युवती को अपने साथ लाया और उसे जबरन गाड़ी में बैठाने लगा.
ADVERTISEMENT
युवती ने शोर मचाकर आसपास मौजूद लोगों से मदद की अपील की, लेकिन कोई भी उसकी सहायता के लिए आगे नहीं आया. इसी दौरान वहां से गुजर रहे रजत किरण भारद्वाज नामक युवक ने साहस दिखाते हुए कार का पीछा किया, लेकिन कुछ दूरी पर गाड़ी नजरों से ओझल हो गई. इसके बाद उसने थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी और युवती को बचाने की गुहार लगाई.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और कार के नंबर के आधार पर उसके मालिक की तलाश शुरू कर दी. वहीं बठैनगेट चौकी प्रभारी मुनेंद्र पाल सिंह के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज की जांच में प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक प्रतीत हो रहा है, क्योंकि युवती और युवक साथ आते दिख रहे हैं. हालांकि, पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT









