श्रद्धालुओं को निशाना बनाकर पर्स स्नेचिंग करने वाले गिरोह का वृंदावन पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है. इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से लूटा गया कीमती सामान भी बरामद कर लिया गया है जिससे घटना का सफल खुलासा हो सका. घटना 21 मार्च की रात की है, जब मुंबई निवासी महेंद्र किशन सालुंके अपने परिवार के साथ बांके बिहारी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे.
ADVERTISEMENT
जानकारी के मुताबिक, रुक्मिणी विहार गोल चक्कर के पास बाइक सवार बदमाशों ने उनकी बेटी का पर्स छीन लिया और फरार हो गए. पर्स में महंगा मोबाइल, कैमरा, नगदी और आभूषण थे. घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पहले गिरोह के सरगना छोटू को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.इसके बाद फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम बनाई गई. सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने भोला राम और देवेंद्र उर्फ देवा को भी गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि लूटी गई ज्वेलरी को दलाल प्रदीप के माध्यम से ज्वेलर भजनलाल को बेच दिया गया था.पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से आभूषण, नगदी और कैमरा बरामद कर लिया.
इस कार्रवाई से जहां अपराधियों में डर का माहौल बना है. वहीं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर लोगों का भरोसा भी बढ़ा है.गिरफ्तार करने वाली टीम में कोतवाली प्रभारी संजय कुमार पांडेय, उप निरीक्षक अरुण कुमार डांगर, हेड कांस्टेबल जिनेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल रितेश कुमार और कांस्टेबल नितिन कुमार शामिल रहे.
ADVERTISEMENT









