Lucknow Student Protest: लखनऊ में विभिन्न सरकारी भर्तियों और परीक्षा संबंधी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे कुछ छात्रों को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि पुलिस ने अचानक 5-6 छात्रों को अपने कब्जे में लिया, जो होमगार्ड, कांस्टेबल, लेखपाल समेत अन्य सरकारी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी हैं. छात्रों का कहना है कि वे केवल अपनी परीक्षाओं की समय-सारणी, भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और नॉर्मलाइजेशन व्यवस्था को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रख रहे थे. उनका दावा है कि वे गरीब परिवारों से आते हैं और सरकारी नौकरी ही उनके भविष्य का सहारा है, इसलिए वे सरकार से न्याय और उचित सहयोग की उम्मीद कर रहे हैं.
ADVERTISEMENT
छात्रों ने आरोप लगाया कि उन्हें बिना किसी स्पष्ट वजह के हिरासत में लिया गया और इस दौरान उनके मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए गए. हालांकि बाद में बुधवार सुबह लखनऊ पुलिस ने उन्हें अपने अधीन रखा. प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि उनकी मुख्य मांग यह है कि सभी परीक्षाओं का कैलेंडर समय पर जारी किया जाए, परीक्षा तिथियों में अनिश्चितता खत्म हो और नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाया जाए. उनका कहना है कि बार-बार प्रशासनिक दिक्कतों और अनिश्चितताओं का सामना करने से अभ्यर्थियों का मानसिक और आर्थिक दबाव बढ़ रहा है.
छात्रों ने यह भी साफ किया कि उनके आंदोलन का किसी राजनीतिक संगठन या छात्र संगठन एसजेपी से कोई संबंध नहीं है और वे केवल अपने अधिकारों और भविष्य को सुरक्षित करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं. उनका कहना है कि उनका प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण है, जिसमें बड़ी संख्या में शिक्षक और छात्र उनका समर्थन कर रहे हैं. छात्रों ने मीडिया से अपील की है कि उनके आंदोलन को सही तरीके से दिखाया जाए और इसे किसी भी प्रकार का राजनीतिक रंग न दिया जाए. साथ ही उन्होंने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और भर्ती व परीक्षा प्रक्रियाओं को पारदर्शिता तथा समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए. छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा.
ADVERTISEMENT









