Bhim Army Protest Lucknow: दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन को लेकर सियासत तेज होने के बीच अब उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी भीम आर्मी पार्टी के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए. केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर राजधानी में जोरदार प्रदर्शन किया गया, जिसके बाद पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया.
ADVERTISEMENT
अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर जुटे कार्यकर्ता
प्रदर्शन बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल पर आयोजित किया गया था. इस दौरान बड़ी संख्या में भीम आर्मी पार्टी और आजाद समाज पार्टी से जुड़े कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे. प्रदर्शन के दौरान लगातार नारेबाजी होती रही और माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया. स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया. पुलिस के अनुसार, जब प्रदर्शन उग्र होने लगा तो प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने की कार्रवाई की गई.
बसों में बैठाकर भेजे गए प्रदर्शनकारी
प्रदर्शन के बाद पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को बसों में बैठाकर हिरासत में लिया. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कुछ प्रदर्शनकारी बस की खिड़कियों और दरवाजों से नारे लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं. पुलिस ने सभी हिरासत में लिए गए लोगों को इको गार्डन भेज दिया.
जंतर-मंतर की घटना के विरोध में प्रदर्शन
यह प्रदर्शन 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुई झड़प के विरोध में किया गया. उस दिन छात्रों और पुलिस के बीच टकराव हुआ था. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें कई छात्र घायल हुए. वहीं दिल्ली पुलिस का कहना है कि उस घटना में 118 पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे.
संसद परिसर में धरने पर बैठे हैं चंद्रशेखर आजाद
जंतर-मंतर की घटना के बाद आजाद समाज पार्टी के प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आजाद संसद परिसर में बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा के नीचे धरने पर बैठे हुए हैं. वे लगातार धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और छात्रों की मांगों को स्वीकार किए जाने की मांग कर रहे हैं. सूत्रों के मुताबिक, उनसे कई नेताओं ने मुलाकात की, लेकिन उन्होंने अपनी मांगों पर कायम रहने की बात कही. उनका कहना है कि जब तक छात्रों की मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
25 जुलाई को देशव्यापी कार्यक्रम का ऐलान
चंद्रशेखर आजाद ने 25 जुलाई को देशभर के जिला मुख्यालयों पर ज्ञापन देने का ऐलान भी किया है. उन्होंने कहा कि भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता जिलास्तर पर प्रदर्शन कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपेंगे. फिलहाल लखनऊ में हुए प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं लगातार सामने आ रही हैं, जबकि जंतर-मंतर से शुरू हुआ छात्र आंदोलन अब कई राज्यों में राजनीतिक और सामाजिक समर्थन हासिल करता दिखाई दे रहा है.
ADVERTISEMENT










