Lucknow News: राजधानी लखनऊ से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है. एक युवती ने लखनऊ पुलिस के अधिकारी पर बेहद संगीन आरोप लगाए हैं, जिसने पूरे पुलिस महकमे पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. लखनऊ के आशियाना थाने में तैनात एक दरोगा (एसएसआई) धर्मवीर शाही पर युवती ने केस की जांच के नाम पर यौन शोषण करने का आरोप लगाया है. महिला का कहना है कि दरोगा ने मदद का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए हैं. जब महिला को दरोगा की सच्चाई का पता तो उसने विरोध करना शुरू कर दिया. इसके बाद दरोगा साहब ने उसके साथ जमकर मारपीट की है. पुलिस ने आरोपी दरोगा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
ADVERTISEMENT
केस की जांच के दौरान फंसाया
पीड़िता ने बताया कि उसका एक पुराना केस बस्ती जिले से जीरो एफआईआर के बाद लखनऊ के आशियाना थाने में ट्रांसफर किया गया था. इस मामले की जांच एसएसआई धर्मवीर शाही को दी गई थी. महिला का आरोप है कि जांच के बहाने दरोगा ने पहले फोन पर बातचीत शुरू की. इसके बाद 21 फरवरी को बयान दर्ज करने के बहाने उसे बुलाया और केस में मदद के बदले शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला.
शादी का झूठा वादा कर शोषण
जब पीड़ित महिला ने दरोगा की बात नहीं मानी, तो उसने प्यार का नाटक शुरू कर दिया. आरोपी दरोगा ने महिला को भरोसा दिलाया कि वह उसे समाज में पत्नी का दर्जा देगा और जल्द ही उससे शादी करेगा. इसी झूठे वादे में फंसाकर आरोपी ने महिला के साथ कई बार यौन शोषण किया है.
पहले से शादीशुदा निकला आरोपी दरोगा
पीड़ित महिला ने बताया लगातार यौन शोषण के बीच करीब डेढ़ महीने पहले उसे पता चला कि दरोगा धर्मवीर शाही पहले से ही शादीशुदा है. जब महिला ने इस धोखे को लेकर दरोगा से सवाल-जवाब किए और शादी करने का दबाव डाला, तो दरोगा साहब महिला के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने लगे. बात यहीं नहीं रुकी, आरोपी ने महिला को झूठे केस में फंसाने और उसका पर्सनल डाटा वायरल करने की धमकियां भी देनी शुरू कर दी.
कार में बैठाकर की जमकर मारपीट
पीड़िता का आरोप है कि 30 जुलाई की रात को जब वह अपनी मां की दवाई लेने अपोलो अस्पताल के पास गई थी, तब आरोपी ने उसे धोखे से मिलने बुलाया. वहां आरोपी और उसके साथियों ने महिला की गाड़ी में टक्कर मार दी. इसके बाद उन्होंने महिला को जबरन अपनी कार में बैठाया, उसके साथ बुरी तरह मारपीट की और उसका मोबाइल को भी छीन लिया. मारपीट के कारण महिला के चेहरे और हाथों पर काफी चोटें आई हैं.
आरोपी दरोगा पुलिस की हिरासत में
इस घटना के बाद पीड़िता ने डीसीपी सेंट्रल और एसीपी से मिलकर न्याय और अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है. महिला की शिकायत के बाद आशियाना थाने में आरोपी एसएसआई के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया है. डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर ने बताया कि मामले की पूरी और निष्पक्ष जांच की जा रही है और सच्चाई सामने आने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT










