Girl Apologizes to PM Modi: दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वाली लड़की की मां का बयान सामने आया है. मां ने अपनी बेटी की गलती स्वीकार करते हुए प्रधानमंत्री से हाथ जोड़कर माफी मांगी है. बेटी के ऊपर दर्ज हुई एफआईआर को रद्द करने की अपील की है. इससे पहले पीएम मोदी ने भी इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी कर गुमराह बच्चों को माफ करने और उन्हें सही राह दिखाने की अपील की थी. अब इस मामले में कानूनी कार्रवाई के तहत नोएडा में जीरो एफआईआर दर्ज कर दिल्ली ट्रांसफर कर दी गई है.
ADVERTISEMENT
बेटी के लिए मां ने मांगी माफी
लड़की की मां ने मीडिया के सामने आकर अपनी बेटी की हरकत पर गहरा अफसोस जताया है और पीएम मोदी से माफी मांगी. उन्होंने कहा कि 'उनकी बेटी का आज जन्मदिन है और प्रधानमंत्री द्वारा दी गई माफी उसके लिए एक नए जीवनदान की तरह है.' मां ने पीएम मोदी से गुहार लगाई कि 'एफआईआर में गलत उम्र दर्ज की गई है, इसलिए इसे खारिज किया जाए.' उन्होंने प्रधानमंत्री से बच्ची को गोद लेकर उसका जीवन संवारने की अपील की और साथ ही 10 से 20 साल के बच्चों के लिए सोशल मीडिया और प्रदर्शनों में एंट्री पर रोक लगाने की मांग की, ताकि कोई उनका गलत फायदा न उठा सके.
पीएम मोदी ने दिया बड़ा बयान
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो संदेश जारी कर इस पूरे विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी. पीएम मोदी ने कहा कि जंतर-मंतर पर उनके और उनकी स्वर्गीय माताजी के खिलाफ भद्दी भाषा का इस्तेमाल किया गया था. लेकिन बचपन में गलतियां होती हैं और यह समय गुमराह बच्चों को अदालतों के चक्कर कटवाने या प्रताड़ित करने का नहीं, बल्कि उन्हें गले लगाकर सही दिशा दिखाने का है. उन्होंने कहा कि वह इन बच्चों को माफ करना चाहते हैं और युवाओं से अपील की कि वे अपनी गलतियों से सीखकर देश को आगे बढ़ाने में साथ आएं.
नोएडा पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
इस मामले में सुप्रीम कोर्ट की एडवोकेट स्मृति सिंह चंदेल की शिकायत पर नोएडा के एक्सप्रेसवे थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी. आरोप है कि 23 जुलाई को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान लड़की ने सार्वजनिक रूप से आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं. नोएडा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 352, 353(1) और 356(1) के तहत मामला दर्ज किया है. चूंकि यह घटना स्थल नई दिल्ली का था, इसलिए इस जीरो एफआईआर को आगे की जांच के लिए दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में ट्रांसफर कर दिया गया है.
ADVERTISEMENT










