Ghaziabad Kanwar Yatra: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में कांवड़ यात्रा के दौरान भयंकर हंगामा हुआ है. कांवड़ यात्रा के दौरान एक कांवड़िया ने दावा किया कि उसकी कांवड़ एक मुस्लिम व्यक्ति ने खंडित कर दी है. यह घटना गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गुलधर इलाके की है. घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और भयंकर हंगामा हुआ. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को शांत कराया और कांवड़िया के लिए नई कांवड़ व गंगाजल की व्यवस्था करवाकर उसे यात्रा पर दोबारा रवाना किया.
ADVERTISEMENT
गाजियाबाद के गुलधर में हुआ हंगामा
यह पूरा मामला तब हुआ जब हरिद्वार से गंगाजल लेकर राजस्थान के भरतपुर जा रहा एक कांवड़िया गाजियाबाद के गुलधर इलाके से गुजर रहा था. आरोप है कि रास्ते में इमरान खान नाम के एक शख्स के संपर्क में आने से कांवड़िया की कांवड़ छू गई और खंडित हो गई. कांवड़िया ने बताया कि उसने 21 तारीख को सुबह 5 बजे यात्रा शुरू की थी और 10 तारीख तक अपने गांव के शिवालय पहुंचना था. घटना के बाद कांवड़िया का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें वह अपनी मेहनत खराब होने की बात कहकर रोता हुआ नजर आ रहा है.
पुलिस ने कराई नई कांवड़ व्यवस्था
कांवड़ खंडित होने के बाद मौके पर लोगों का विरोध शुरू हो गया और अफरा-तफरी मच गई. घटना की जानकारी मिलते ही मधुबन बापूधाम थाने की पुलिस और पैदल गश्त कर रही टीम तुरंत मौके पर पहुंचीं. पुलिस ने दोनों पक्षों से बात करके उन्हें शांत कराया. इसके बाद पुलिसकर्मियों ने धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए खुद नई कांवड़ और गंगाजल का इंतजाम कराया. पूरे विधि-विधान के साथ कांवड़ तैयार कराने के बाद कांवड़िया को सम्मानपूर्वक उसकी यात्रा पर आगे के लिए रवाना कर दिया गया.
अफवाहों पर ध्यान न देने अपील
इस घटना के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि समय रहते स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में ले लिया गया था, जिससे कोई भी अप्रिय घटना नहीं होने पाई. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन ने आम जनता से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है. पुलिस का कहना है कि किसी भी वायरल वीडियो या बिना पुष्टि वाली जानकारी के आधार पर अफवाहें न फैलाएं और इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें.
ADVERTISEMENT










