सपा सांसद पप्पू निषाद की कार पर देर रात हमला! भीड़ ने घेरा, शीशे तोड़े; आखिर क्यों भड़का इतना बवाल?

यूपी तक

• 11:26 AM • 19 Sep 2026

संत कबीर नगर में समाजवादी पार्टी के सांसद लक्ष्मीकांत निषाद की गाड़ी को भीड़ ने देर रात घेर लिया। पुलिस ने स्थिति संभाली और सांसद को सुरक्षित बाहर निकाला। यह घटना गणपति विसर्जन जुलूस के दौरान हुई थी जिसमें डी जे वाहन रोकने पर तनाव बढ़ गया था।

Google CTA

SP MP Pappu Nishad Car Attack: समाजवादी पार्टी के सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद की गाड़ी को संत कबीर नगर में देर रात भीड़ ने घेर लिया. बताया जा रहा है कि गणपति विसर्जन के जुलूस के दौरान पुलिस द्वारा तेज आवाज में बज रहे डीजे वाहन को रोकने के बाद विवाद शुरू हुआ. विरोध में जुलूस में शामिल लोग सड़क पर उतर आए. इसी दौरान सांसद की गाड़ी वहां से गुजर रही थी, जिसे भीड़ ने रोक लिया.

यह भी देखें...

डीजे वाहन रोकने पर भड़का लोगों का गुस्सा

जानकारी के मुताबिक, गणपति विसर्जन जुलूस के दौरान पुलिस ने तेज आवाज में बज रहे डीजे वाहन को रोक दिया था. इसके बाद जुलूस में शामिल लोगों ने विरोध शुरू कर दिया. देखते ही देखते सड़क पर भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया. इसी बीच सांसद लक्ष्मीकांत निषाद की गाड़ी भीड़ के बीच पहुंच गई, जिसके बाद लोगों ने उसे घेर लिया.

सांसद की गाड़ी के शीशे टूटे

भीड़ द्वारा सांसद की गाड़ी को घेरे जाने के दौरान स्थिति और बिगड़ गई. गाड़ी के शीशे टूट गए और पथराव किए जाने की बात सामने आई है. अचानक हुए इस घटनाक्रम से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश शुरू की और सांसद को भीड़ के बीच से सुरक्षित निकालने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. एसपी सुशील कुमार सिंह ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को शांत कराने की कोशिश की. हालांकि, काफी देर तक मौके पर तनाव बना रहा. पुलिस ने भारी फोर्स की मौजूदगी में सांसद लक्ष्मीकांत निषाद को सुरक्षित बाहर निकाला. इसके बाद उन्हें पहले थाने और फिर उनके घर तक सुरक्षित पहुंचाया गया.

घटना के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा

डीजे वाहन को रोकने के बाद शुरू हुआ विरोध बाद में सांसद की गाड़ी के घेराव और पथराव तक पहुंच गया. घटना के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने की बात कही जा रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है और तनाव को देखते हुए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है.