'रात में पकड़े गए, सुबह बने दूल्हा-दुल्हन'...' कौशांबी में 3 साल के अफेयर के बाद मंदिर में हुई अनोखी शादी, चर्चा में लव स्टोरी

यूपी तक

• 01:58 PM • 17 Sep 2026

कौशांबी के पिपरी में 3 साल से चल रहे अफेयर के बाद रात में मिलने पहुंचे प्रेमी को परिजनों ने पकड़ लिया. पुलिस के हस्तक्षेप के बाद दोनों परिवारों की सहमति से मंदिर में शादी कराई गई.

Google CTA

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से प्यार, छिपकर मुलाकात और फिर अचानक शादी की एक अनोखी प्रेम कहानी सामने आई है. पिपरी थाना क्षेत्र में बीते तीन सालों से एक-दूसरे से प्यार करने वाले आकाश और सलोनी की लव स्टोरी में उस वक्त बड़ा ड्रामा देखने को मिला, जब रात के अंधेरे में मिलने पहुंचे प्रेमी को प्रेमिका के परिजनों ने पकड़ लिया. हंगामा हुआ, पुलिस तक बात पहुंची, लेकिन सुबह होते-होते इस कहानी का अंत बेहद सुखद मोड़ पर हुआ.

यह भी देखें...

रात में पकड़ाई, पिटाई और थाने तक पहुंचा मामला

जानकारी के मुताबिक, पिपरी थाना क्षेत्र के रहने वाले आकाश और सलोनी पिछले तीन वर्षों से एक-दूसरे के प्यार में थे और अक्सर चोरी-छिपे मिला करते थे. एक रात आकाश अपनी प्रेमिका सलोनी से मिलने उसके घर पहुंचा. इसी दौरान लड़की के परिवार वालों को भनक लग गई और उन्होंने दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया. मौके पर परिजनों ने आकाश की पिटाई कर दी और मामले की सूचना पुलिस को दे दी. सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को पकड़कर थाने ले आई.

हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद आया सबसे बड़ा ट्विस्ट

थाने तक मामला पहुंचने के बाद इस कहानी में सबसे बड़ा मोड़ तब आया, जब दोनों परिवारों के वरिष्ठ लोगों ने आपस में बैठकर गुपचुप बातचीत की. लंबे विचार-विमर्श के बाद दोनों पक्ष दोनों की शादी कराने के लिए राजी हो गए. जो प्रेमी रात में छिपकर मिलने के जुर्म में पकड़ा गया था और पुलिस हिरासत में था, वह सुबह होते-होते दूल्हा बन चुका था.

मंदिर में हुई शादी, पुलिस ने भी दी रजामंदी

परिवार वालों की आपसी सहमति बनने के बाद आनन-फानन में आकाश और सलोनी को मंदिर ले जाया गया, जहां पूरे रीति-रिवाज के साथ दोनों का विवाह संपन्न कराया गया. दोनों पक्षों के राजीनामे और शांतिपूर्वक शादी हो जाने के बाद पुलिस ने भी कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की और मामले को शांत करा दिया.

तीन साल से चले आ रहे इस अफेयर के अचानक शादी में बदल जाने से पूरा इलाका हैरान भी है और खुश भी. कौशांबी में घटी यह घटना इस वक्त पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है, जो यह दर्शाती है कि परिवार की रजामंदी से प्यार की राह आसान हो सकती है.