उन्नाव में डर के कारण बहू रही चुप, ससुर पर अश्लील हरकत और गलत संबंध का दबाव बनाने का आरोप; पहले भी दो बहुओं को लेकर लगाए आरोप

यूपी तक

15 Sep 2026 (अपडेटेड: 15 Sep 2026, 04:19 PM)

उन्नाव से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. एक महिला ने अपने ससुर पर उसके साथ अश्लील व्यवहार करने और गलत संबंध बनाने का दबाव डालने का गंभीर आरोप लगाया है.

Google CTA

Unnao Domestic Violence News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव में एक परिवार के भीतर रिश्तों को लेकर गंभीर विवाद सामने आया है. माखी थाना क्षेत्र के पोटरिया मजरा सतरा गांव की रहने वाली एक महिला ने अपने ससुर पर अश्लील बातें करने और गलत संबंध बनाने का दबाव डालने का आरोप लगाया है. महिला का कहना है कि जब उसका पति दुकान पर चला जाता था, तब ससुर कथित तौर पर उसके साथ आपत्तिजनक बातें करते थे. पीड़िता ने शुरुआत में लोकलाज और परिवार की इज्जत के डर से चुप्पी साधे रखी, लेकिन जब कथित हरकतें लगातार जारी रहीं तो उसने अपने पति को पूरी बात बताई. इसके बाद दोनों ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की.

यह भी देखें...

शादी के कुछ दिन बाद से परेशान करने का आरोप

पीड़िता के पति के मुताबिक, उसकी शादी इसी साल मार्च में हुई थी और शादी के करीब 15 दिन बाद से ही उसके पिता ने पत्नी के साथ कथित तौर पर गलत व्यवहार शुरू कर दिया था. पति का आरोप है कि उसके पिता उसकी गैरमौजूदगी में बहू से अश्लील बातें करते और गलत संबंध बनाने का दबाव डालते थे. महिला ने जब इसका विरोध किया तो कथित तौर पर उसे धमकाया गया. पीड़िता ने पुलिस के सामने अपनी परेशानी बताते हुए कहा, 'जब पति दुकान लगाने चले जाते हैं, तब भी गंदी-गंदी बातें करते हैं. मना करने पर कहते हैं कि तुम्हें मार देंगे.'

पहले भी दो बहुओं को लेकर लगाए आरोप

महिला के पति ने अपने पिता पर सिर्फ अपनी पत्नी के साथ ही गलत व्यवहार करने का आरोप नहीं लगाया है. उसका कहना है कि उसके बड़े भाई दया शंकर की पहले दो शादियां हुई थीं और दोनों पत्नियां भी कथित तौर पर पिता के व्यवहार से परेशान होकर घर छोड़कर चली गईं. पति के मुताबिक, उसके पिता बहुओं पर अपनी बात मानने का दबाव बनाते थे और विरोध करने पर उन्हें घर से निकालने की धमकी देते थे. हालांकि, इन पुराने आरोपों की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और इनकी सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.

विरोध किया तो घर से निकालने का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि उसने ससुर की कथित मांगों को मानने से साफ इनकार कर दिया. इसके बाद उसे और उसके पति को घर से बाहर निकाल दिया गया और घर में ताला लगा दिया गया. महिला के पति ने भी अपने पिता पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह अपनी पत्नी के साथ हुए कथित व्यवहार को लेकर न्याय चाहता है. उसने बताया कि उसके पिता उसकी पत्नी को कथित तौर पर समझौते के नाम पर भी दबाव में लेने की कोशिश करते थे.

पुलिस ने शिकायत लेकर शुरू की जांच

मामले को लेकर पीड़िता अपने पति के साथ थाने पहुंची और आरोपी ससुर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. शिकायत पुलिस को सौंप दी गई है. पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है. पीड़िता के पति के मुताबिक, पुलिस की ओर से उन्हें भरोसा दिया गया है कि मामले में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस आरोपों की जांच कर रही है. परिवार के भीतर लगे इन गंभीर आरोपों की वास्तविकता जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी.