Mau Avnish Kumar Murder Case: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में बदमाशों ने बाइक सवार युवक की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के सरसेना इलाके की है. मृतक की पहचान अवनीश कुमार के रूप में हुई है. वारदात उस वक्त हुई, जब अवनीश अपने दोस्त हंसराज के साथ बाइक से घर लौट रहे थे. रास्ते में दो बाइकों पर सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया. विवाद के बाद एक बदमाश ने अवनीश के सिर में गोली मार दी.
ADVERTISEMENT
रास्ते में रोककर किया हमला
बताया जा रहा है कि अवनीश और हंसराज बाइक से घर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर आए बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया. दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई. विवाद बढ़ने पर बदमाशों में से एक ने अवनीश को निशाना बनाते हुए उसके सिर में गोली मार दी. गोली लगते ही अवनीश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े.
डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घायल अवनीश को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाने की कोशिश शुरू कर दी है.
CCTV फुटेज से बदमाशों की तलाश
पुलिस अब आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. वारदात में शामिल बदमाशों तक पहुंचने के लिए तीन थानों की पुलिस टीमों को लगाया गया है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा.
SP ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
मऊ के पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों से मामले की जानकारी ली और जल्द हत्याकांड का खुलासा करने के निर्देश दिए. पुलिस मृतक के साथ मौजूद उसके दोस्त हंसराज से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है.
ADVERTISEMENT










