Sanjay Nishad Meets Mata Prasad Pandey: उत्तर प्रदेश की राजनीति में विधानसभा चुनाव से पहले एक मुलाकात ने सियासी चर्चाओं को तेज कर दिया है. यूपी सरकार के मंत्री और निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद ने लखनऊ में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे से मुलाकात की. इस मुलाकात को फिलहाल शिष्टाचार भेंट बताया जा रहा है, क्योंकि माता प्रसाद पांडे की तबीयत ठीक नहीं है. संजय निषाद ने उनसे मुलाकात कर स्वास्थ्य का हाल जाना. दोनों नेताओं की मुलाकात की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें वे फूलों के गुलदस्ते के साथ नजर आ रहे हैं. हालांकि, चुनावी माहौल के बीच इस मुलाकात के राजनीतिक मायने भी तलाशे जाने लगे हैं.
ADVERTISEMENT
संजय निषाद के बयान से बढ़ा सस्पेंस
संजय निषाद को लेकर पिछले कुछ समय से बीजेपी से दूरी और चुनाव से पहले पाला बदलने की अटकलें लगती रही हैं. उन्होंने अपने राजनीतिक रुख को लेकर कहा था, 'अगर उन्हें सम्मान नहीं मिला तो उनके लिए और भी दरवाजे खुले हुए हैं.' उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हुई थीं. अब सपा के वरिष्ठ नेता से मुलाकात ने इन अटकलों को एक बार फिर हवा दे दी है. हालांकि, संजय निषाद की ओर से फिलहाल बीजेपी छोड़ने या सपा के साथ जाने को लेकर कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की गई है.
अखिलेश यादव भी कर चुके हैं मुलाकात
माता प्रसाद पांडे से संजय निषाद की मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी हाल ही में उनसे मिल चुके हैं. इसके बाद संजय निषाद की मुलाकात ने यूपी के संभावित राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चा बढ़ा दी है. निषाद पार्टी की बीजेपी से कथित नाराजगी और सपा से नजदीकी की अटकलों के बीच इस मुलाकात को कई नजरिए से देखा जा रहा है.
ADVERTISEMENT










