Bijnor Suspicious Death Case: बिजनौर के जलालपुर काजी गांव में पति-पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. छोटू और उनकी पत्नी सुषमा 14 सितंबर को अचानक लापता हो गए थे. परिवार की ओर से दोनों की गुमशुदगी की सूचना पुलिस को दी गई. इसके बाद 15 सितंबर को महिला का शव गंगा किनारे मिला, जबकि पति का शव जंगल में संदिग्ध स्थिति में बरामद किया गया. मामले में सबसे हैरान करने वाली बात यह सामने आई कि पति के शव पर पत्नी की सलवार मिली.
ADVERTISEMENT
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिसकी रिपोर्ट में दोनों की मौत के अलग-अलग कारण सामने आए हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार सुषमा की मौत गला घोटने से हुई, जबकि छोटू की मौत फांसी लगाने से बताई गई है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उनके शव अलग-अलग स्थानों तक कैसे पहुंचे. घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, शव मिलने की जगह और कपड़ों की स्थिति को जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है.
परिवार के सदस्यों ने महिला के साथ गलत व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया है. वहीं पुलिस दोनों मृतकों के आखिरी संपर्क और उनके आपसी संबंधों की भी पड़ताल कर रही है. जांच में एक तीसरे व्यक्ति के संदिग्ध पक्ष को भी शामिल किया गया है. पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले पति-पत्नी किन लोगों के संपर्क में थे और उनके बीच आखिरी बातचीत कब और किससे हुई थी. हालांकि अभी तक मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट नहीं हुई है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
घटना के बाद फोरेंसिक टीम ने दोनों घटनास्थलों का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पति-पत्नी की मौत के अलग-अलग कारण, शवों का अलग-अलग जगह मिलना और पति का पत्नी की सलवार पहने हुए पाया जाना जांच के प्रमुख बिंदु बने हुए हैं. पुलिस ने मामले का जल्द खुलासा करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया है. फिलहाल पुलिस की जांच जारी है.
ADVERTISEMENT










