Jaunpur Murder Case: जौनपुर के नेवढ़िया थाना क्षेत्र के सैदुपुर गांव में शुक्रवार दोपहर जमीन और पेंशन के विवाद को लेकर डबल मर्डर की वारदात से सनसनी फैल गई. आरोप है कि भूपेंद्र पटेल ने अपनी 70 साल की मां शीतला देवी और बहन गौरा देवी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. दोनों की मौके पर मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को घर से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद की है.
ADVERTISEMENT
पेंशन को लेकर चल रहा था विवाद
परिवार में लंबे समय से जमीन के बंटवारे और शीतला देवी को मिलने वाली पेंशन को लेकर विवाद चल रहा था. शीतला देवी के पति राजपति पटेल सेवानिवृत्त शिक्षक थे. दंपती की छह बेटियां और सबसे छोटा बेटा भूपेंद्र पटेल था. परिजनों के मुताबिक, भूपेंद्र के व्यवहार को लेकर परिवार में पहले भी विवाद होते रहे थे. जमीन और पेंशन को लेकर परिवार के सदस्यों के बीच तनाव बना हुआ था.
पहले वसीयत से बढ़ा था संपत्ति विवाद
परिवार के लोगों के अनुसार, करीब छह वर्ष पहले राजपति पटेल ने अपनी संपत्ति को लेकर अपनी सबसे छोटी बेटी गौरा देवी के पक्ष में वसीयत की थी. इसके बाद संपत्ति को लेकर विवाद कानूनी प्रक्रिया तक पहुंच गया. बाद में जमीन का बंटवारा हुआ, जिसमें कुछ हिस्सा बहनों और बाकी हिस्सा मां व बेटे के हिस्से में आने की बात बताई जा रही है. इसी को लेकर परिवार में मतभेद जारी था.
कहासुनी के बाद कुल्हाड़ी से हमला
शुक्रवार दोपहर घर में मां, बेटे और बेटी के बीच कहासुनी शुरू हुई. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर भूपेंद्र घर से कुल्हाड़ी ले आया और उसने अपनी मां शीतला देवी पर हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. मां को बचाने पहुंची गौरा देवी पर भी आरोपी ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. हमले में गौरा की भी मौत हो गई. डबर मर्डर की सूचना पर पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं. घटना की गंभीरता को देखते हुए आसपास के करीब दस थानों से पुलिस बल बुलाया गया. अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं और क्षेत्राधिकारी मछलीशहर समेत अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने आरोपी को घर से हिरासत में लिया और उसकी निशानदेही पर कथित हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद की.
एसपी ग्रामीण ने बताई वारदात की वजह
एसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया 'इन लोगों का पारिवारिक विवाद चल रहा था. काफी दिनों से नाराज भूपेंद्र पटेल ने अपनी मां और अपनी बहन को कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी. घटना की जानकारी मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया. आरोपी युवक को गिरफ्तार कर घटना में प्रयोग किया गया आलाकत्ल बरामद कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है.'
पुलिस ने शुरू की आगे की जांच
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. एक ही परिवार की मां और बेटी की हत्या के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है. पुलिस जमीन, पेंशन और संपत्ति को लेकर चल रहे पुराने विवाद की भी जांच कर रही है. पुलिस के मुताबिक आरोपी गिरफ्तार है और वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद कर ली है.
ADVERTISEMENT










