मायावती ने किया बड़ा ऐलान! उम्मीदवारों का वे खुद करेंगी चयन, आकाश आनंद को नहीं है फ्री हैंड

यूपी तक

• 12:48 PM • 01 Aug 2026

Bahujan Samaj Party: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बसपा प्रमुख मायावती ने उम्मीदवारों के चयन को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है. उन्होंने कहा कि सभी प्रत्याशियों का चयन वे स्वयं करेंगी.

Google CTA

Bahujan Samaj Party: बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की प्रमुख मायावती ने उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर स्थिति साफ कर दी है. उन्होंने स्पष्ट किया है कि पार्टी के सभी उम्मीदवारों का चयन वे खुद ही करेंगी और इसमें राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद का कोई फैसला नहीं होगा. मायावती के अनुसार, आकाश आनंद केवल उनकी अनुमति और निर्देश पर ही रैलियों में उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करेंगे. इससे पहले मीडिया में चर्चा चल रही थी कि मायावती ने उम्मीदवारों के चयन के लिए आकाश आनंद को फ्री हैंड दे दिया है, जिस पर विराम लगाते हुए मायावती ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी साझा की है.

यह भी देखें...

हाथरस और जेवर में जनसभा करेंगे

बीएसपी के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद एक बार फिर उत्तर प्रदेश के चुनावी मैदान में उतरने जा रहे हैं. वे 10 अगस्त को हाथरस की सादाबाद सीट पर जनसभा करेंगे, जहां से वे बीएसपी के प्रभारी अविन शर्मा के नाम का ऐलान करेंगे. इसके बाद 25 अगस्त को ग्रेटर नोएडा के जेवर में उनकी दूसरी रैली आयोजित की जाएगी, जिसमें भी वे पार्टी के उम्मीदवार की घोषणा करेंगे. इन जनसभाओं के साथ ही बीएसपी अपने चुनावी अभियान की औपचारिक शुरुआत करने जा रही है.

मायावती खुद तय करेंगी सभी उम्मीदवार

आकाश आनंद को पूरी कमान मिलने की चर्चाओं के बीच मायावती ने बयान जारी कर भ्रम दूर किया. मायावती ने बताया कि लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में उनके द्वारा राज्य स्तरीय बैठकें ली गई हैं. उन्होंने खुद उम्मीदवारों के इंटरव्यू लिए हैं और अब तक दो दर्जन से ज्यादा नाम फाइनल कर दिए हैं. मायावती ने साफ कहा कि यूपी ही नहीं बल्कि पूरे देश में लोकसभा और विधानसभा चुनावों के उम्मीदवार वे खुद ही तय करती हैं और आगे भी वही तय करेंगी.

चुनावी इतिहास और बीएसपी की चुनौती

साल 2024 के लोकसभा चुनाव में आकाश आनंद ने अपने आक्रामक भाषणों से काफी सुर्खियां बटोरी थीं. हालांकि, 28 अप्रैल 2024 को सीतापुर की एक जनसभा में पीएम मोदी और सीएम योगी पर सीधा हमला बोलने के बाद मायावती ने उन्हें कुछ समय के लिए पार्टी की जिम्मेदारियों से हटा दिया था. बाद में उनकी पार्टी में वापसी हुई. बीएसपी के लिए आने वाला चुनाव काफी अहम है, क्योंकि 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में पार्टी को केवल एक सीट मिली थी और 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी का खाता भी नहीं खुल पाया था.