लखनऊ में दबंगों ने मामूली विवाद को लेकर ली युवक की जान, थाने से शिकायत कर लौटे आजाद की घर में घुसकर हत्या

यूपी तक

01 Aug 2026 (अपडेटेड: 01 Aug 2026, 03:02 PM)

Lucknow Murder News: लखनऊ के गोसाईगंज थाना क्षेत्र में नाले और पानी निकासी के विवाद को लेकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है. थाने में शिकायत देने के कुछ घंटे बाद ही दबंगों ने घर में घुसकर 40 वर्षीय आजाद की पीट-पीटकर हत्या कर दी है.

Google CTA

Lucknow Murder News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोसाईगंज थाना क्षेत्र स्थित टिकनियामऊ गांव में पानी की निकासी और नाले के विवाद को लेकर 40 वर्षीय आजाद की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है. परिजनों का आरोप है कि शाम को लगभग 4 बजे आजाद ने थाने जाकर जान से मारने की धमकी मिलने की शिकायत दर्ज कराई थी. थाने से लौटने के कुछ ही घंटों बाद रात करीब 8 बजे दबंगों ने घर में घुसकर उन पर हमला कर दिया. इलाज के दौरान आजाद की मौत हो गई है, जबकि बीच-बचाव करने आए परिवार के करीब 5 लोग घायल हो गए हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर 4 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है.

यह भी देखें...

पानी की निकासी को लेकर विवाद

लखनऊ के टिकनियामऊ गांव में आजाद के घर के पानी की निकासी और नाले की सफाई को लेकर विवाद चल रहा था. परिजनों के अनुसार, आरोपी नाले से पानी का रास्ता साफ नहीं होने दे रहे थे और लैट्रिन का पाइप डालने में बाधा पहुंचा रहे थे. जब पीड़ित पक्ष ने इसका विरोध किया, तो उन्हें जान से मारने की धमकियां दी गईं. इसके बाद पीड़ित परिवार पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराने पहुंचा था.

थाने से लौटते ही किया हमला

आजाद ने शाम करीब 4 बजे गोसाईगंज थाने में ग्राम प्रधान पति मोहम्मद हसीब और उसके साथियों के खिलाफ शिकायत दी थी. परिजनों का आरोप है कि शिकायत से बौखलाकर ग्राम प्रधान पति मोहम्मद हसीब अपने साथियों के साथ लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और धारदार हथियार लेकर रात करीब 8 बजे आजाद के घर में घुस आया. हमलावरों ने आजाद पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया और बचाने आए परिजनों को भी बुरी तरह पीटा.

चार आरोपी पुलिस की हिरासत में

घटना के बाद घायल आजाद को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया. पुलिस अधिकारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और शुरुआती कार्रवाई के तहत 4 लोगों को हिरासत में लिया गया है. शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और शामिल अन्य लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है.