Meerut news: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले स्थित सिविल लाइंस थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. पांडव नगर में रहने वाले एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के मोबाइल फोन में आपत्तिजनक वीडियो देखा, जिसके बाद दोनों के बीच भारी विवाद हो गया. झगड़े के बाद पति घर छोड़कर चला गया और उसने इंस्टाग्राम पर जहरीला पदार्थ खाते हुए एक वीडियो पोस्ट कर दिया. वीडियो में उसने अपनी हालत का जिम्मेदार पत्नी को बताया और कहा कि उसकी लाश को उसकी पत्नी हाथ भी न लगाए. इस घटना के 11 दिन बाद पत्नी ने थाने पहुंचकर पति की गुमशुदगी दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
ADVERTISEMENT
फोन में वीडियो देख हुआ विवाद
मूल रूप से बिहार के दरभंगा जिले का रहने वाला यह परिवार मेरठ के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के पांडव नगर में रहता है. महिला सुनीता देवी ने बताया कि उसकी शादी साल 2008 में हुई थी और उसके दो बच्चे हैं. उसका पति पेशे से ड्राइवर है. 19 जुलाई को पति ने महिला के मोबाइल फोन में एक लड़के का आपत्तिजनक वीडियो देख लिया था, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. विवाद बढ़ने के बाद महिला काम पर चली गई और जब वह वापस लौटी तो पति घर पर मौजूद नहीं था.
इंस्टाग्राम पर शेयर किया जहरीला वीडियो
घर से निकलने के बाद पति ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो बनाकर पोस्ट किया. इस वीडियो में वह कोई जहरीला पदार्थ खाता हुआ दिखाई दे रहा है. उसने भावुक होकर अपनी पत्नी को अपनी इस हालत का जिम्मेदार बताया और कहा कि उसकी पत्नी उसकी लाश को हाथ भी न लगाए. वीडियो पोस्ट करने के तुरंत बाद से ही पति का मोबाइल फोन स्विच ऑफ आ रहा है और उससे किसी भी तरह का संपर्क नहीं हो पा रहा है.
महिला ने दर्ज कराई गुमशुदगी रिपोर्ट
घटना के 11 दिन बाद महिला ने सिविल लाइंस थाने पहुंचकर पति की गुमशुदगी दर्ज कराई. महिला ने बताया कि उसका पति पहले भी चार बार घर छोड़कर भाग चुका है और कुछ दिनों बाद वापस लौट आता था, इसलिए उसे लगा कि वह इस बार भी वापस आ जाएगा. महिला ने खुद को बेकसूर बताते हुए कहा कि उसे नहीं पता कि मोबाइल में वह वीडियो कहां से आया. महिला ने पति पर कई अन्य औरतों से संबंध होने और तलाक के लिए दबाव बनाने का भी आरोप लगाया है. पुलिस का कहना है कि गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है.
ADVERTISEMENT










