अयोध्या में राम लगन मौर्या के बाद मां की भी मौत, पुलिस ने अब तक विजय भान सिंह समेत इतने आरोपियों को किया गिरफ्तार

यूपी तक

• 05:24 PM • 18 Sep 2026

Ayodhya Double Murder: अयोध्या के पूरा कलंदर इलाके में जमीन विवाद को लेकर हुए डबल मर्डर केस में पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी विजय भान सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. रामलगन मौर्या और उनकी मां पार्वती देवी की हत्या के मामले में अब तक सात आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं.

Google CTA

Ayodhya Double Murder: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में हुए दिल दहला देने वाले डबल मर्डर केस में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है. जमीन विवाद के चलते दिनदहाड़े रामलगन मौर्या और उनकी मां पार्वती देवी की हत्या के मामले में पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश विजय भान सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. इस खौफनाक वारदात में अब तक सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. अब पुलिस आखिरी फरार आरोपी महिला की तलाश कर रही है.

यह भी देखें...

दिनदहाड़े चले थे बम और गोलियां

यह खौफनाक घटना 25 अगस्त 2026 की शाम लगभग 5:30 बजे की है. अयोध्या के पूरा कलंदर इलाके में रामलगन मौर्या अपनी मां पार्वती देवी के साथ बाइक से जा रहे थे. तभी अचानक बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं और बम भी दागे. इस जानलेवा हमले में रामलगन को तीन गोलियां लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, बुरी तरह घायल उनकी मां पार्वती देवी ने अस्पताल में 20 दिन चले इलाज के बाद दम तोड़ दिया.

पुरानी जमीनी रंजिश में हुई हत्या

पीड़ित परिवार के अनुसार, इस दोहरे हत्याकांड के पीछे पुरानी जमीनी रंजिश वजह थी. आरोप है कि जमीन को लेकर काफी लंबे समय से विवाद चल रहा था. इसी विवाद के चलते मुख्य आरोपी राज सिंह ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर इस खतरनाक हमले को अंजाम दिया. पुलिस ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए कुल आठ लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया था. घटना के बाद से ही पुलिस लगातार आरोपियों की धरपकड़ में जुटी हुई थी.

पुलिस के हत्थे चढ़ा इनामी बदमाश

अयोध्या पुलिस इस मामले में पहले ही छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, लेकिन दो इनामी बदमाश फरार चल रहे थे. अब पूरा कलंदर पुलिस टीम ने 25 हजार रुपये के इनामी विजय भान सिंह को भी पकड़ लिया है. पुलिस ने सोशल मीडिया पर इस गिरफ्तारी की जानकारी भी दी है. अब इस हत्याकांड में मात्र एक आरोपी फरार है, जिसका नाम मीरा सिंह है. यह महिला आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है और इसे पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.