मेरठ कॉलेज में फ्रेशर छात्र की पिटाई पर भिड़े दो गुट, जमकर चले लात-घूंसे, पुलिस ने 5 को दबोचा

यूपी तक

• 05:38 PM • 17 Sep 2026

मेरठ कॉलेज में छात्रों के दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई. पुलिस ने पांच युवकों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है. इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है.

Google CTA

उत्तर प्रदेश के मेरठ स्थित लालकुर्ती थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध मेरठ कॉलेज में बुधवार दोपहर जमकर बवाल हुआ. एक फ्रेशर छात्र की पिटाई को लेकर छात्रों के दो गुट आमने-सामने आ गए और कॉलेज कैंपस में जमकर लात-घूंसे चले. मारपीट और हंगामे से कॉलेज में दहशत का माहौल बन गया और छात्राएं सहम गईं. हालात बेकाबू होते देख एसपी सिटी खुद भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और 5 हुड़दंगी छात्रों को हिरासत में लेकर स्थिति को नियंत्रण में लिया.

यह भी देखें...

पहली बार कॉलेज आए फ्रेशर की पिटाई से भड़का विवाद

जानकारी के मुताबिक, बुधवार दोपहर बीए फर्स्ट ईयर का एक छात्र पहली बार कॉलेज आया था. वह कैंपस में बैठा हुआ था तभी कुछ छात्रों का गुट वहां पहुंचा और बिना किसी स्पष्ट कारण के उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. इसी बीच दूसरे गुट के छात्र भी वहां पहुंच गए और पीड़ित छात्र का बचाव करने लगे जिससे विवाद एकदम से गहरा गया.

पुलिस के सामने भी गिरा-गिराकर पीटा

देखते ही देखते दोनों गुटों में हिंसक झड़प शुरू हो गई. छात्रों ने एक-दूसरे को जमीन पर गिरा-गिराकर बुरी तरह पीटा. हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के बीच-बचाव करने के बावजूद छात्र नहीं माने. इस हिंसक बवाल को देखकर कैंपस में मौजूद छात्राएं बुरी तरह सहम गईं और अफरातफरी मच गईय

एसपी सिटी ने संभाला मोर्चा, CCTV की हो रही जांच

लालकुर्ती थाना पुलिस के प्रयासों के बाद भी जब बवाल शांत नहीं हुआ तो एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले को भारी पुलिस फोर्स के साथ कॉलेज पहुंचना पड़ा. एसपी सिटी ने कॉलेज में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की गहनता से जांच शुरू करा दी है ताकि मारपीट करने वाले अन्य छात्रों की पहचान की जा सके. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों गुटों से जुड़े 5 युवकों को हिरासत में ले लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है.

एसपी सिटी का बयान

एसपी सिटी ने बताया कि किसी भी छात्र को गंभीर चोटें नहीं आई हैं. हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल कॉलेज में स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है.