रायबरेली में पुलिस से भिड़े सपा नेता वीरेंद्र यादव, फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज में चला रहे थे सदस्यता अभियान

यूपी तक

• 05:00 PM • 18 Sep 2026

Raebareli News: रायबरेली के फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज में सदस्यता अभियान को लेकर सपा और ABVP कार्यकर्ताओं में विवाद हो गया. मामला बढ़ने पर सपा जिलाध्यक्ष और कोतवाल के बीच तीखी बहस हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

Google CTA

Raebareli News: रायबरेली के फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज में छात्र संगठन के सदस्यता अभियान को लेकर शुरू हुआ विवाद अब एक बड़े सियासी घमासान में बदल गया है. समाजवादी छात्रसभा और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं के बीच हुई कहासुनी, धक्का-मुक्की और नारेबाजी से शुरू हुआ यह मामला पुलिस और प्रशासन तक पहुंच गया है. विवाद के बीच शहर कोतवाली प्रभारी और सपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव के बीच तीखी नोकझोंक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कोतवाल सपा नेता को 'चूड़ी पहनने' और 'औकात में रहने' की नसीहत देते सुनाई दे रहे हैं. इस पूरे घटनाक्रम पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है और इसे पीडीए समाज पर प्रहार बताया है.

यह भी देखें...

सपा और एबीवीपी छात्रों के बीच टकराव

यह पूरा विवाद फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज में समाजवादी छात्रसभा द्वारा चलाए जा रहे सदस्यता अभियान के दौरान शुरू हुआ. कॉलेज परिसर में बैनर लगाकर छात्रों को जागरूक किया जा रहा था. सपा का आरोप है कि इसी दौरान एबीवीपी के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और अभियान का विरोध करने लगे. जल्द ही दोनों पक्षों के बीच बहस हो गई, जो धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और नारेबाजी में बदल गई. विवाद बढ़ने पर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कॉलेज का गेट अंदर से बंद कर धरना शुरू कर दिया, जबकि सपा कार्यकर्ता बाहर प्रदर्शन करने लगे, जिससे इलाके में भारी तनाव का माहौल बन गया.

कोतवाल और सपा नेता की तीखी बहस

तनाव की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभालने की कोशिश की. पुलिस सपा कार्यकर्ताओं को चौराहे की तरफ ले जा रही थी, तभी शहर कोतवाली प्रभारी शिव शंकर सिंह और सपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव के बीच तीखी बहस हो गई. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कोतवाल सपा जिलाध्यक्ष से यह कहते सुने जा रहे हैं कि, "घर जाओ और चूड़ी पहनो, औकात में रहो." पुलिस के इस रवैये से नाराज सपा नेताओं ने एसपी कार्यालय पहुंचकर कोतवाल को हटाने की मांग की. दूसरी तरफ एबीवीपी के कार्यकर्ता भी एसपी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए.

अखिलेश यादव ने बताया पीडीए पर प्रहार

पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर हुए भारी हंगामे के बाद अधिकारियों ने किसी तरह समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया, लेकिन अब यह मुद्दा सियासी हो गया है. समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस घटना की कड़ी निंदा की है. उन्होंने लिखा कि रायबरेली में पीडीए समाज पर किया गया यह प्रहार बेहद अपमानजनक है. अखिलेश ने सपा छात्र सभा के कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस के दमन के बावजूद वे छात्रों को जागरूक करने में सफल रहे. उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना ने पुलिस की हिंसक प्रवृत्ति को उजागर कर दिया है और यह पीडीए समाज में एक नई चेतना जगाएगा.