उत्तर प्रदेश के बलिया में डबल मर्डर से हड़कंप, मां और 22 साल की नेत्रहीन बेटी गौरी गुप्ता की इस हाल में मिली लाश

यूपी तक

• 05:39 PM • 18 Sep 2026

Ballia Double Murder: बलिया के रसड़ा थाना क्षेत्र में मां और उनकी 22 साल की नेत्रहीन बेटी की हत्या से सनसनी फैल गई है. मां का शव घर के अंदर मिला है, जबकि बेटी की लाश घर के पीछे धान के खेत में मिली है.

Google CTA

Ballia Double Murder: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. रसड़ा थाना क्षेत्र के सरिया इलाके में एक घर के अंदर मां और कुछ दूरी पर उसकी 22 साल की नेत्रहीन बेटी का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है. इस सनसनीखेज डबल मर्डर के बाद इलाके के लोग खौफ में हैं. पुलिस के मुताबिक, दोनों की बेरहमी से हत्या की गई है और वारदात के बाद सबूत मिटाने की भी कोशिश की गई है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी एंगल्स से जांच शुरू कर दी और हत्यारों की तलाश में जुट गई है.

यह भी देखें...

घर में मां और खेत में मिली बेटी की लाश

इस खौफनाक वारदात में पुलिस को मानती देवी नाम की महिला का शव घर के अंदर मिला, जबकि उनकी 22 साल की बेटी गौरी गुप्ता की लाश घर के पीछे ही एक धान के खेत में पड़ी मिली. पुलिस की शुरुआती जांच में ऐसा लग रहा है कि हत्यारों ने किसी भारी वस्तु से वार कर दोनों की जान ली है. परिवार में केवल तीन ही सदस्य थे पति राम चीज गुप्ता, पत्नी मानती गुप्ता और उनकी नेत्रहीन बेटी गौरी. अब इस घर की दोनों महिलाओं को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया है.

हत्यारों ने सबूत मिटाने की कोशिश

घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने अंदेशा जताया है कि हत्यारों ने वारदात को अंजाम देने के बाद घर से सबूत मिटाने की भरपूर कोशिश की थी. पुलिस के मुताबिक, घर के अंदर जहां खून के निशान थे, वहां फर्श को धोने का प्रयास किया गया है. इसके अलावा एक चारपाई भी घर के बराबर में बनी छोटी सी बाउंड्री के पार फेंकी हुई मिली है. पुलिस का मानना है कि हत्या घर के अंदर ही की गई और उसके बाद बेटी के शव को घसीटकर 25-30 मीटर दूर धान के खेत में फेंक दिया गया.

हर एंगल से जांच में जुटी है पुलिस टीम

इस डबल मर्डर मिस्ट्री को सुलझाने के लिए पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है. सबसे बड़ा सवाल यही है कि एक नेत्रहीन बच्ची और उसकी बुजुर्ग मां से किसी की क्या दुश्मनी हो सकती है. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और राम चीज गुप्ता (पिता) से भी पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारियां जुटा रही है. पुलिस का दावा है कि इस खौफनाक हत्याकांड की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा.