Meerut firing case: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के कंकरखेड़ा इलाके में बुधवार की शाम एक सनसनीखेज वारदात हुई है. यहां डिफेंस एनक्लेव कॉलोनी स्थित जोनल पार्क के पास एक युवक ने तीखी बहस के बाद युवती पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं और इसके बाद खुद को भी गोली मार ली. घटना में युवक की अस्पताल में मौत हो गई, जबकि तीन गोलियां लगने से गंभीर रूप से घायल युवती अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच झूल रही है. पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच में जुट गई हैं.
ADVERTISEMENT
पार्क के पास हुई तीखी नोकझोंक
यह घटना बुधवार की शाम करीब 4:30 बजे की है. शिवलोकपुरी कॉलोनी का रहने वाला आदित्य मोटरसाइकिल से और कंकरखेड़ा के चौक मोहल्ला की रहने वाली युवती अपनी स्कूटी से जोनल पार्क के पास पहुंचे थे. आईटीआई पास आदित्य नौकरी की तलाश कर रहा था. पार्क के पास खड़े होकर बातचीत करते समय दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर आदित्य ने अवैध तमंचा निकाला और युवती पर एक के बाद एक तीन गोलियां चला दीं. इसके तुरंत बाद उसने खुद को भी गोली मार ली.
अस्पताल में युवक को मृत घोषित किया
दिनदहाड़े गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग दहशत में आ गए. सूचना मिलते ही कंकरखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और खून से लथपथ दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद आदित्य को मृत घोषित कर दिया. वहीं, शरीर में तीन गोलियां लगने के कारण युवती की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है. जोनल पार्क के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिनमें दोनों के बीच गरमागरम बहस होती दिखाई दे रही है. पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में मामला प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग से जुड़ा लग रहा है. पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें दोनों के परिजनों से पूछताछ कर रही हैं, ताकि इस खौफनाक कदम के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा सके.
ADVERTISEMENT










