उत्तर प्रदेश के कानपुर के बर्रा इलाके में रिश्ते, प्यार और सामाजिक बंदिशों के बीच एक ऐसा दर्दनाक अंत देखने को मिला है, जिसने पूरे शहर को सन्न कर दिया है. 3 महीने पहले परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर कोर्ट मैरिज करने वाले चचेरे भाई-बहन सौरभ उर्फ टोनी और रानी उर्फ शालिनी का शव उनके किराए के कमरे से बरामद हुआ है. पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, पहले युवती की जान ली गई और उसके बाद युवक का शव भी वहीं संदिग्ध हालात में मिला. कमरे के फर्श पर बिखरा सिंदूर, मांग में भरा लाल रंग और परिजनों के गंभीर आरोपों ने इस मामले को बेहद संवेदनशील और पेचीदा बना दिया है.
ADVERTISEMENT
चचेरे भाई-बहन में था प्यार
मिली जानकारी के मुताबिक, सचेंडी थाना क्षेत्र के रहने वाले सौरभ और रानी के बीच पिछले 3 सालों से प्रेम संबंध था. दोनों रिश्ते में चचेरे भाई-बहन थे. इसलिए परिवार इस रिश्ते के सख्त खिलाफ था. परिजनों की नाराजगी के बाद करीब 3 महीने पहले दोनों ने घर छोड़कर कोर्ट मैरिज कर ली थी और दिल्ली चले गए थे. करीब 5 दिन पहले ही दोनों कानपुर लौटे और बर्रा-7 के एसएस ब्लॉक में एक मकान की तीसरी मंजिल पर किराए का कमरा लेकर रहने लगे थे.
रोशनदान से दिखी लाश तो उड़े होश, कमरे में फैला था सिंदूर
मंगलवार दोपहर दूसरी मंजिल पर रहने वाली एक बुजुर्ग महिला जब छत पर कपड़े सुखाने गईं, तो रोशनदान से उनकी नजर कमरे के अंदर पड़ी. अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए. तुरंत मकान मालिक और पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जब दरवाजा खोला तो अंदर दोनों के शव पड़े थे. फॉरेंसिक जांच के दौरान कमरे की जमीन पर सिंदूर फैला हुआ मिला और सिंदूर की डिब्बी पास पड़ी थी. रानी की मांग सिंदूर से भरी थी और सौरभ के हाथों पर भी सिंदूर के निशान मिले हैं.
अलग होने का बनाया जा रहा था दबाव
रानी की मां पिंकी ने बताया कि घटना से कुछ ही देर पहले उनकी बेटी और दामाद से फोन पर सामान्य बातचीत हुई थी. उन्होंने आरोप लगाया कि कोर्ट मैरिज के बाद भी सौरभ के परिवार वाले इस रिश्ते को स्वीकार नहीं कर रहे थे और दोनों पर अलग होने का लगातार दबाव बना रहे थे. परिजनों के इन आरोपों पर पुलिस अब गहराई से जांच कर रही है.
बिना वेरिफिकेशन रह रहे थे किराएदार
घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और मकान मालिक द्वारा किराएदारों के वेरिफिकेशन को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं. मकान मालिक के पास दोनों की पूरी जानकारी नहीं थी. पुलिस ने कमरे के बाहर खड़ी बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर परिजनों से संपर्क साधा और उनकी पहचान पुख्ता की.
घटनास्थल पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और फॉरेंसिक टीम ने पूरे साक्ष्यों को सील कर दिया है. पुलिस ने बताया कि 'बर्रा थाना क्षेत्र के एक मकान में पति-पत्नी के शव मिलने की सूचना मिली थी. दोनों मूल रूप से सचेंडी के रहने वाले थे और कुछ दिन पहले ही किराए पर रहने आए थे. फॉरेंसिक टीम ने मौके का गहन निरीक्षण किया है. लड़की के परिजनों के कुछ आरोप-प्रत्यारोप हैं, जिन पर छानबीन की जा रही है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ हो पाएगी. परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.'
ADVERTISEMENT










