Lucknow Crime News: लखनऊ के कृष्णानगर थाना क्षेत्र के भोलाखेड़ा से एक सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का मामला सामने आया है. 9 अक्टूबर 2026 की सुबह लगभग 6 बजे पुलिस को सूचना मिली कि भोलाखेड़ा निवासी रवीन्द्र शंकर (उम्र लगभग 56 साल) ने अपनी पत्नी श्यामा दुलारी (उम्र लगभग 50 साल) और बेटी पूजा साहू (उम्र लगभग 32 साल) की हत्या कर दी है. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कृष्णानगर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. आरोपी रवीन्द्र शंकर लखनऊ में होमगार्ड के पद पर तैनात है. आरोप है कि उसने आधी रात में सोते समय अपनी पत्नी और बेटी की डाटा केबल से गला कसकर हत्या कर दी थी.
ADVERTISEMENT
शुरूआती वजह क्या सामने आई
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, घटना के पीछे पारिवारिक कलह मुख्य वजह बताई जा रही है. आरोपी रवीन्द्र शंकर का अपनी पत्नी के साथ पारिवारिक विवाद रहता था. कुछ समय पूर्व विवाद के बाद उसकी पत्नी बिना बताए घर से आभूषण लेकर चली गई थी, जिसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी, हालांकि वह कुछ दिन पूर्व वापस घर आ गई थी. वहीं, उसकी बेटी पूजा साहू का 2017 में पहला विवाह हुआ था. तलाक के बाद 2022 में फिर से शादी हुई. लेकिन दूसरे विवाह से भी तलाक होने के बाद से वह अपने पिता के घर पर ही रह रही थी.
पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में
घटना की जानकारी मिलते ही डीसीपी साउथ मोहम्मद मुश्ताक, एडीसीपी साउथ और एसीपी कृष्णानगर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर सबूत जुटाए गए हैं. दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. डीसीपी साउथ ने बताया कि आरोपी होमगार्ड ने खुद ही पुलिस को सूचना देकर पत्नी और बेटी की हत्या की बात स्वीकार की है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
ADVERTISEMENT











