Lucknow News: लखनऊ के इंदिरानगर और खुर्रमनगर इलाके से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. राहुल वर्मा नाम के एक युवक ने आरोप लगाए हैं कि इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद उसे शिवम उपाध्याय नाम के एक युवक मिलने बुलाया था. इस दौरान शिवम और उसके कुछ साथियों ने मिलकर राहुल को बंधक बनाकर जमकर पीटा. फिर राहुल के पास पड़े सोने की चेन और पैसे अकाउंट से ट्रांसफर करा लिए गए. मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
राहुल वर्मा ने लगाए ये आरोप
पीड़ित राहुल वर्मा के अनुसार 30 नवंबर 2025 को इंस्टाग्राम पर उसकी दोस्ती शिवम उपाध्याय से हुई थी. शिवम ने विश्वास जीतने के बाद राहुल को घूमने के बहाने खुर्रमनगर बुलाया. शिवम राहुल को बाइक पर बैठाकर सीमैप की ओर ले गया. आरोप है कि यहां उसके साथी संदीप गौतम और विवेक कुमार पहले से घात लगाए बैठे थे. इस दौरान संदीप ने राहुल की जेब में जबरन एक पुड़िया रख दी और उसे गांजा तस्करी के झूठे केस में जेल भेजने की धमकी देकर डराना शुरू किया.
जंगल में टॉर्चर और लूटपाट का खौफनाक मंजर
विरोध करने पर आरोपियों ने राहुल पर चाकू तान दिया और उसे घसीटते हुए कुकरैल के पास के जंगल में ले गए. राहुल का मुंह रूमाल से बांधकर उसे घंटों बंधक बनाए रखा गया और बेरहमी से पीटा गया. आरोपियों ने राहुल से 8500 रुपये नकद, सोने की चेन लूट ली और डरा-धमकाकर 4000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर भी करा लिए. आरोपियों ने पिटाई का वीडियो भी बना लिया ताकि राहुल पुलिस के पास न जा सके. डर के मारे राहुल लंबे समय तक चुप रहा. लेकिन हिम्मत जुटाकर 20 मार्च को तहरीर दी.
जांच के दौरान एक और पीड़ित सचिन चौहान सामने आया जिसके साथ भी इसी गिरोह ने कुकरैल के जंगल में वही खौफनाक खेल खेला था. सचिन को भी रातभर बंधक बनाकर ऑनलाइन पैसे वसूले गए थे. इंदिरानगर इंस्पेक्टर अजय नारायण सिंह के मुताबिक, तीनों नामजद आरोपी शिवम, संदीप और विवेक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ये आरोपी आदतन अपराधी हैं और पहले भी कई थानों से जेल जा चुके हैं.घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि गिरोह की अन्य मूवमेंट का पता चल सके.
ADVERTISEMENT









