किराएदार राजन शर्मा के इश्क में डूबी बहू रंजना ने सास को दी दर्दनाक मौत, लखनऊ में जिस तरह ये मामला सुलझा वो जान चौंक जाएंगे आप!

लखनऊ के निशातगंज इलाके में अवैध संबंधों के चलते बहू ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर 69 वर्षीय सास की गला दबाकर हत्या कर दी. CCTV बंद होने और डॉग स्क्वायड की जांच के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी.

अंकित मिश्रा

• 12:46 PM • 22 Mar 2026

follow google news

Lucknow Murder Case: राजधानी लखनऊ से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है. यहां एक बहू ने ही अपने घर की बुजुर्ग सास को मौत के घाट उतारने की साजिश रच डाली. अवैध संबंधों में बाधा बन रही सास को रास्ते से हटाने के लिए उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर खौफनाक हत्या को अंजाम दिया. हत्या के बाद आरोपी मौके पर मौजूद रहकर पुलिस की गतिविधियों पर नजर भी रखता रहा लेकिन एक छोटी सी गलती ने उसकी पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया. 

यह भी पढ़ें...

निशातगंज की गली नंबर-3 में हुआ कांड 

यह सनसनीखेज मामला राजधानी लखनऊ के महानगर थाना क्षेत्र के निशातगंज इलाके की गली नंबर-3 का है. यहां 69 वर्षीय निर्मला देवी का शव उनके ही घर के कमरे में संदिग्ध हालात में मिला. मृतका के हाथ-पैर बंधे हुए थे, जिससे साफ था कि हत्या की गई है.

बताया जा रहा है कि निर्मला देवी के पति की दो साल पहले मौत हो चुकी थी और वह अपने बेटे के परिवार के साथ रहती थीं. शनिवार दोपहर करीब चार बजे जब उनका पोता घर पहुंचा तो उसने दादी का शव कमरे में पड़ा देखा. यह दृश्य देखकर वह घबरा गया और उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी. 

घटना के समय घर में मौजूद थीं बहू और बेटी

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. उस समय मृतका का बेटा ड्यूटी पर गया हुआ था, जबकि घर में बहू और छोटी बेटी मौजूद थीं. जांच के दौरान पुलिस को बहू के हाव-भाव संदिग्ध लगे, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई. शुरुआती जांच में ही पुलिस को कई अहम सुराग मिले, जिससे मामला और गहराता चला गया.

CCTV कैमरा 2 से 4 बजे तक था बंद 

जांच के दौरान पुलिस ने घर में लगे CCTV कैमरों की जांच की जिसमें बड़ा खुलासा हुआ. दोपहर 2 बजे से 4 बजे के बीच घर का CCTV कैमरा बंद पाया गया. आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगालने पर पता चला कि घर का किरायेदार राजन शर्मा इस दौरान घर से बाहर निकलता हुआ दिखाई दिया. उसके बाहर निकलने के बाद ही घर का कैमरा दोबारा चालू हो गया. खास बात यह रही कि इस दौरान कोई बाहरी व्यक्ति घर में आता-जाता नजर नहीं आया जिससे पुलिस का शक और गहरा गया.

डॉग स्क्वायड ने खोला हत्या का राज

घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया. जांच के दौरान डॉग सीधे घर से कुछ दूरी पर खड़े किरायेदार राजन शर्मा के पास जाकर रुक गया. यह देखकर पुलिस को राजन पर शक हुआ. पूछताछ के दौरान वह घबरा गया और डॉग को भगाने की कोशिश करने लगा.  इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की जहां उसने हत्या की बात कबूल कर ली.

अवैध संबंध बने हत्या की वजह

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि किरायेदार राजन शर्मा और बहू रंजना के बीच लंबे समय से अवैध संबंध थे. परिवार के लोग इस रिश्ते का लगातार विरोध कर रहे थे. कई बार दोनों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा भी गया था. मृतका निर्मला देवी अक्सर इस संबंध का विरोध करती थीं, जिससे बहू रंजना उनसे नाराज रहती थी. इसी नाराजगी के चलते रंजना ने अपने प्रेमी राजन के साथ मिलकर सास की हत्या की साजिश रची.

पति और बेटे के बाहर होने का उठाया फायदा

शनिवार को जब पति और बेटा घर से बाहर थे तब दोनों आरोपियों ने मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया. बहू और उसके प्रेमी ने मिलकर बुजुर्ग महिला का गला दबाकर हत्या कर दी और शव को कमरे में छोड़ दिया. वारदात के बाद दोनों ने ऐसे व्यवहार किया जैसे कुछ हुआ ही न हो ताकि किसी को शक न हो.

हत्या के बाद भी पुलिस के बीच घूमता रहा आरोपी

इस मामले की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि हत्या करने के बाद आरोपी राजन मौके पर ही मौजूद रहा. वह पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखता रहा और खुद ही आरोपियों को पकड़ने की बात करता रहा. लेकिन जब डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचा तो कुत्ता सीधे उसके पास जाकर रुक गया.  इस दौरान वह घबरा गया और डॉग को भगाने की कोशिश करने लगा, जिससे पुलिस का शक यकीन में बदल गया. 

फिलहाल पुलिस ने बहू रंजना और उसके प्रेमी राजन शर्मा को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं को भी खंगाल रही है ताकि वारदात से जुड़े हर तथ्य को सामने लाया जा सके.

यह भी पढ़ें: 12वीं पास महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी! यूपी रोडवेज में 2584 पदों पर निकली भर्ती, घर के पास मिलेगी नौकरी