12वीं पास महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी! यूपी रोडवेज में 2584 पदों पर निकली भर्ती, घर के पास मिलेगी नौकरी

UP Women Conductor Recruitment 2026: उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने 2584 महिला परिचालकों की संविदा भर्ती का ऐलान किया है. 12वीं पास और CCC प्रमाणपत्र धारक महिलाएं प्रदेश के विभिन्न शहरों में लगने वाले रोजगार मेलों के जरिए आवेदन कर सकती हैं.

यूपी तक

• 11:48 AM • 22 Mar 2026

follow google news

UP Women Conductor Recruitment 2026: उत्तर प्रदेश में रोजगार की तलाश कर रही महिलाओं के लिए बड़ा अवसर सामने आया है. उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने संविदा के आधार पर 2584 महिला परिचालकों (कंडक्टर) की भर्ती करने की घोषणा की है. इस भर्ती की खास बात यह है कि चयनित महिला अभ्यर्थियों को उनके गृह जनपद के डिपो में ही तैनाती देने की योजना बनाई गई है, जिससे उन्हें अपने घर के नजदीक ही नौकरी करने का मौका मिल सके. भर्ती प्रक्रिया को आसान और सुलभ बनाने के लिए प्रदेश के अलग-अलग शहरों में रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा, जहां इच्छुक अभ्यर्थी सीधे पहुंचकर आवेदन कर सकेंगी. 

यह भी पढ़ें...

संविदा के आधार पर होगी भर्ती

परिवहन विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार यह भर्ती पूरी तरह संविदा के आधार पर की जाएगी. इस भर्ती में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों की न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट (12वीं पास) तय की गई है. इसके साथ ही अभ्यर्थियों के पास सीसीसी (CCC) कंप्यूटर प्रमाणपत्र होना जरूरी है. 

बता दें कि अभ्यर्थियों का सिलेक्शन किसी लिखित परीक्षा के बजाय इंटरमीडिएट में मिले मार्क्स के आधार पर तैयार मेरिट लिस्ट के अनुसार किया जाएगा. इससे भर्ती प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी. 

विशेष प्रमाणपत्र धारकों को मिलेगा अतिरिक्त भारांक

भर्ती प्रक्रिया में उन उम्मीदवारों को अतिरिक्त लाभ दिया जाएगा जिनके पास कुछ विशेष प्रमाणपत्र मौजूद हैं. जिन अभ्यर्थियों के पास एनसीसी ‘बी’ प्रमाणपत्र, एनएसएस प्रमाणपत्र या भारत स्काउट एवं गाइड का राज्य या राष्ट्रपति पुरस्कार प्रमाणपत्र होगा, उन्हें मेरिट में 5 परसेंट अतिरिक्त वेटेज दिया दिया जाएगा. इसके अलावा, यह भी आवश्यक है कि उम्मीदवार उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन या उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन से जुड़े हुए हों. चयनित महिला परिचालकों को संविदा चालकों और परिचालकों के समान ही पारिश्रमिक दिया जाएगा. 

प्रदेश के विभिन्न शहरों में लगेंगे रोजगार मेले

भर्ती प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाने के लिए प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा. इन मेलों में पहुंचकर महिला अभ्यर्थी आवेदन कर सकती हैं और भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकती हैं.

तय कार्यक्रम के अनुसार 25 मार्च को सहारनपुर, झांसी, कानपुर, चित्रकूट धाम-बांदा और प्रयागराज में रोजगार मेले लगाए जाएंगे. वहीं 28 मार्च को गाजियाबाद, अलीगढ़, बरेली, अयोध्या और वाराणसी में आवेदन की सुविधा उपलब्ध रहेगी. इसके बाद 30 मार्च को मेरठ, इटावा, हरदोई, देवीपाटन और आजमगढ़ में मेले आयोजित किए जाएंगे. इसके अलावा 1 अप्रैल को नोएडा, आगरा, मुरादाबाद, लखनऊ और गोरखपुर में भी रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा, जहां इच्छुक अभ्यर्थी पहुंचकर आवेदन कर सकती हैं.

कैसे कर सकती हैं आवेदन

इच्छुक महिला अभ्यर्थियों को आवेदन करने के लिए अपने नजदीकी क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय में संपर्क करना होगा. वहीं से भर्ती प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी और औपचारिकताएं पूरी की जा सकेंगी. 

इस भर्ती अभियान से प्रदेश की बड़ी संख्या में महिलाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है. साथ ही, महिलाओं को उनके गृह जनपद में ही तैनाती मिलने से न केवल उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी बल्कि परिवहन सेवाओं में भी महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी. 

यह भी पढ़ें: सरकारी बैंक में करियर बनाने का गोल्डन चांस! सिडबी में स्पेशलिस्ट ऑफिसर के पदों पर निकली भर्ती, ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन