UP News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में नगर निगम के अधिकारियों ने कार्रवाई की और ज्योति दीक्षित नाम की ठेला संचालक का ठेला हटा दिया. उसपर बुलडोजर एक्शन हुआ. दरअसल कानपुर नगर निगम परेड से उर्सला क्षेत्र के बीच सड़क किनारे लगाए गए ठेलों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा था और बुलडोजर चला रहा था. उसी दौरान नगर निगम के अधिकारियों ने ज्योति दीक्षित का ठेला भी हटा दिया.
ADVERTISEMENT
बता दें कि अब इसी को लेकर बड़ा विवाद हो गया है. दरअसल आर्य नगर से सपा विधायक अमिताभ बाजपेई का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह अधिकारियों से बात कर रहे हैं और वह अधिकारियों के ऊपर इस कार्रवाई को लेकर भड़क रहे हैं.
वीडियो देखिए
क्या हुआ कानपुर में?
जानकारी के अनुसार, नगर निगम के अधिकारियों ने कार्रवाई के दौरान ज्योति दीक्षित नामक ठेला संचालक का ठेला हटाया. इस दौरान ठेला और उस पर रखा सामान क्षतिग्रस्त हो गया. स्थानीय ठेला संचालकों का कहना है कि वे सड़क किनारे ठेला लगाते हैं और इससे यातायात प्रभावित नहीं होता, इसके बावजूद उनके खिलाफ समय-समय पर कार्रवाई की जाती है.
घटना के बाद संबंधित पक्ष ने आर्य नगर विधायक अमिताभ बाजपेई से मुलाकात की. विधायक मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से बातचीत की. उन्होंने फेरी नीति का पालन करने की बात की और संबंधित नियमों के तहत ही कार्रवाई तय करने की मांग रखी.
विधायक ने यह भी कहा कि नगर आयुक्त शहर का मालिक नहीं हैं. अगर नियमों का पालन नहीं किया गया तो इस मुद्दे को लेकर आगे विरोध दर्ज कराया जा सकता है. दूसरी तरफ अधिकारियों ने इसे नगर आयोग का आदेश बताते हुए पल्ला झाड़ने की कोशिश की और अधिकारी सपा विधायक को शांत करते हुए नजर आए.
इस दौरान सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने चेतावनी देते हुए साफ कहा कि अगर गरीबों के साथ इसी तरह का व्यवहार जारी रहा तो वे सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करेंगे और आंदोलन को मजबूर होंगे.
ADVERTISEMENT









