यह दर्दनाक आपबीती कानपुर की एक लेडी डॉक्टर की है. उनके पिता सेना से रिटायर्ड सूबेदार मेजर हैं. डॉक्टर का संपर्क एक मैरिज साइट के जरिए संभल के एक युवक से हुआ था. युवक संभल के एक बड़े बिजनेसमैन का बेटा है. दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और फिर बात शादी तक पहुंच गई. शादी तो हो गई, लेकिन लड़के का पहले से ही किसी और लड़की से प्रेम संबंध था. उसने सिर्फ दहेज के लालच में डॉक्टर से शादी का नाटक किया था. शादी के बाद डॉक्टर दो बार प्रेग्नेंट हुईं. दोनों ही बार ससुराल वालों ने साजिश रचकर उन्हें धोखे से दवा खिला दी. दवा के कारण उनका गर्भपात हो गया और उन्हें गंभीर इन्फेक्शन भी फैल गया.
ADVERTISEMENT
तीसरी बार प्रग्नेंट होने पर हुई बेटी पर पति ने कर ली थी प्रेमिका से शादी
जब वह तीसरी बार प्रेग्नेंट हुईं, तो वह अपनी जान बचाने के लिए मायके कानपुर आ गईं. यहां उन्होंने एक सुरक्षित माहौल में एक प्यारी सी बेटी को जन्म दिया. इसी दौरान उन्हें पता चला कि उनके पति ने संभल में अपनी प्रेमिका से दूसरी शादी कर ली है. पति का कहना है कि वह चार शादियां कर सकता है. पति और ससुराल वालों के जुल्मों से तंग आकर डॉक्टर ने कानपुर पुलिस का दरवाजा खटखटाया है. पुलिस ने पति और ससुराल वालों के खिलाफ 13 गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है. पीड़िता का कहना है कि ससुराल पक्ष के लोग राजनीतिक रूप से बहुत ताकतवर हैं. वह अब रोते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इंसाफ की गुहार लगा रही हैं.
23 मार्च 2022 को हुई थी शादी
पीड़िता कानपुर के चकेरी इलाके की रहने वाली है. 23 मार्च 2022 को दोनों परिवारों की रजामंदी से यह शादी हुई थी. शादी में डॉक्टर के पिता ने अपनी जीवन भर की कमाई यानी करीब 50 लाख रुपये खर्च किए थे. शादी संभल के ही एक गेस्ट हाउस में बड़े धूमधाम से हुई थी.
ससुराल पहुंचते ही डॉक्टर के सारे जेवरात और कीमती सामान रखवा लिए गए. ससुराल वालों ने तर्क दिया कि इलाके में चोरियां बहुत होती हैं, इसलिए सामान सुरक्षित रखना जरूरी है. शादी की पहली ही रात पति ने अपने अफेयर का सच उगल दिया. उसने कहा कि वह दीपा सराय की एक महिला से प्यार करता है और उसी के साथ रहना चाहता था.
यह शादी सिर्फ पैसों के लिए की गई?
पति ने साफ कहा कि यह शादी सिर्फ पैसों के लिए की गई है. उसने आरोप लगाया कि पिता ने 15 लाख कैश दिए हैं, जबकि उन्हें 25 लाख चाहिए थे. पति ने 10 लाख रुपये और लाने की मांग रखी. उसने धमकी दी कि पैसे नहीं मिले तो वह तलाक दे देगा और डॉक्टर को घर में नौकरानी बनकर रहना होगा. पति ने अपने पुराने शारीरिक संबंधों की बात कहकर डॉक्टर को मानसिक रूप से तोड़ दिया. इसके बाद वह आए दिन मारपीट करने लगा.
तीसरी बार प्रेग्नेंट होने पर जब वह कानपुर आईं, तो पति ने उनके सारे जेवर उतरवा लिए थे. डॉक्टर का कहना है कि अगर वह ससुराल में रहतीं, तो वे लोग इस बार भी अबॉर्शन करवा देते. बेटी के जन्म की खबर देने के बाद भी ससुराल से कोई उसे देखने तक नहीं आया.
'अगर साथ रहना है तो पिता से 10 लाख रुपये लेकर आओ'
इसी बीच पति की दूसरी शादी की तस्वीरें सामने आ गईं. पति ने निर्लज्जता से कहा कि अगर साथ रहना है, तो पिता से 10 लाख रुपये लेकर आओ. उसने यह शर्त भी रखी कि डॉक्टर को उसकी दूसरी पत्नी के साथ ही रहना पड़ेगा. जब डॉक्टर के पिता ने संभल जाकर बात की, तो ससुराल वालों ने फिर से 10 लाख रुपये की मांग दोहरा दी.
अब कानपुर के चकेरी थाने में एफआईआर दर्ज हो चुकी है. पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल के आदेश पर यह कार्रवाई हुई है. पीड़िता ने पति के बहनोई पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. आरोप है कि बहनोई ने कमरे में घुसकर उनके साथ अश्लील हरकत और छेड़छाड़ की थी.
पीड़िता का दर्द है कि पुलिस ने अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया है. वह अपनी नन्हीं बेटी को लेकर मायके में वक्त काट रही हैं. बेटी और खुद की हालत देखकर उनके बुजुर्ग पिता भी मानसिक रूप से टूट रहे हैं. एडीसीपी शिवा सिंह का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी.
ADVERTISEMENT









