Kanpur Hidden Camera Case: उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक चार्टर्ड अकाउंटेंट ने अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पति का दावा है कि पत्नी चाय में कोई केमिकल पदार्थ मिलाकर उसे, उसके माता-पिता को धीरे-धीरे जहर देने की कोशिश कर रही थी. शक होने पर उसने घर और किचन में हिडन कैमरे लगवाए. रिकॉर्डिंग देखने के बाद उसने पुलिस में शिकायत दी, जिसके आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की सच्चाई जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी.
ADVERTISEMENT
शादी के बाद बढ़ा शक
जानकारी के अनुसार, रावतपुर निवासी हिमांशु पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं और पुणे में नौकरी करते हैं. उनकी पत्नी ज्योति गुप्ता सरकारी अस्पताल में लैब टेक्नीशियन हैं. दोनों की शादी करीब दो साल पहले हुई थी. हिमांशु का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पत्नी के व्यवहार को लेकर उन्हें संदेह होने लगा था और घर में अक्सर विवाद भी होते थे. इसी दौरान पहले उनके पिता, फिर मां और बाद में उनकी खुद की तबीयत बिगड़ने लगी. उनका दावा है कि तीनों में बीमारी के लक्षण एक जैसे थे, जिससे उन्हें किसी साजिश का शक हुआ.
हिडन कैमरे में कैद हुई गतिविधि
पति के मुताबिक, सच्चाई जानने के लिए उन्होंने घर के अलग-अलग हिस्सों के साथ किचन में भी हिडन कैमरे लगवाए. उनका दावा है कि रिकॉर्डिंग में पत्नी चाय तैयार करने के बाद एक छोटी शीशी से उसमें कुछ मिलाती हुई दिखाई दी. हिमांशु का कहना है कि जब उन्होंने इस बारे में पत्नी से सवाल किया तो जवाब देने के बजाय विवाद होने लगा. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनकी मां ने भी एक दिन पत्नी को चाय में कुछ मिलाते हुए देखा था. इसके बाद परिवार ने अपनी मेडिकल जांच कराई, जिसमें उनके अनुसार तीनों की रिपोर्ट में समान तरह के लक्षण मिले.
दहेज केस की धमकी का भी आरोप
हिमांशु ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि उन्होंने इस पूरे मामले की जानकारी अपने साले को दी थी. उनके मुताबिक, साले ने 70 लाख रुपये देने पर तलाक कराने और रिश्ता खत्म कराने की बात कही. पति का यह भी आरोप है कि रकम नहीं देने पर उनके खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराने की धमकी दी गई. इसके अलावा उन्होंने दावा किया कि उनकी पत्नी टीवी पर आने वाले क्राइम आधारित कार्यक्रमों से प्रभावित होकर उसी तरह की योजना की बातें करती थी. हालांकि इन सभी आरोपों की पुष्टि अभी नहीं हुई है.
पुलिस को सौंपी रिकॉर्डिंग
आखिरकार हिमांशु ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस आयुक्त से की और हिडन कैमरे की कथित रिकॉर्डिंग भी जांच के लिए सौंप दी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. जांच अधिकारी अब रिकॉर्डिंग, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रहे हैं, ताकि आरोपों की सत्यता का पता लगाया जा सके.
एसीपी दिलीप सिंह ने क्या बताया?
मामले पर एसीपी दिलीप सिंह ने बताया, 'एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के खिलाफ शिकायत दी है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पत्नी ने चाय में कोई रासायनिक पदार्थ मिलाकर उसे पिलाया. रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.' पुलिस का कहना है कि फिलहाल पति द्वारा लगाए गए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच जारी है तथा मामले की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
ADVERTISEMENT











