कानपुर में गर्लफ्रेंड का कर्ज चुकाने के लिए प्रांजल ने पहना बुर्का, भाई संग पहुंचा चोरी करने, लोगों ने बांधकर खूब पीटा

रंजय सिंह

• 08:37 AM • 28 Jul 2026

उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक युवती ने कथित तौर पर अपने और प्रेमी के व्यापार में हुए नुकसान की भरपाई के लिए अपनी ही भाभी के घर लूट की साजिश रची. आरोप है कि प्रेमी और उसका नाबालिग भाई बुर्का पहनकर घर में घुसे, लेकिन महिला की सतर्कता और पड़ोसियों की मदद से दोनों मौके पर ही पकड़ लिए गए. पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है.

Kanpur Burqa Robbery Case

Kanpur Burqa Robbery Case

Google CTA

Kanpur Burqa Robbery Case: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक युवती ने अपने प्रेमी के व्यापार में हुए नुकसान की भरपाई करने के लिए कथित तौर पर अपनी ही भाभी के घर लूट की योजना बनाई. आरोप है कि युवती की सलाह पर उसका प्रेमी और 12वीं में पढ़ने वाला उसका नाबालिग भाई बुर्का पहनकर घर में घुसे, ताकि पहचान छिपी रहे. हालांकि, घर में मौजूद महिला की सतर्कता और पड़ोसियों की मदद से दोनों मौके पर ही पकड़ लिए गए. पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें...

बुर्का पहनकर घर में घुसे

जानकारी के अनुसार, श्याम नगर निवासी राजेंद्र प्रिंटिंग प्रेस का कारोबार करते हैं. शनिवार दोपहर वह अपने बच्चों को स्कूल से लेने गए थे. घर पर उनकी पत्नी शैली और मां राधा मौजूद थीं. इसी दौरान बुर्का पहने दो लोग घर में दाखिल हुए. शुरुआत में शैली ने उन्हें महिलाएं समझा, लेकिन कुछ ही देर बाद दोनों ने बुर्का हटाया और लोहे की रॉड से हमला कर दिया. बताया गया कि दोनों अपने साथ तिजोरी काटने वाला कटर और लोहे की रॉड भी लेकर आए थे. इसके बावजूद शैली ने घबराने के बजाय शोर मचाना शुरू कर दिया.

दोनों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया

महिला की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए. पड़ोसियों ने दोनों युवकों को भागने का मौका नहीं दिया और उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया. गुस्साए लोगों ने दोनों को रस्सी से बांध दिया और उनकी पिटाई करने के बाद पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर थाने ले गई, जहां उनसे पूछताछ की गई.

कारोबार में नुकसान के बाद बनाया प्लान

पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी प्रांजल सिंह ने बताया कि वह पहले राजेंद्र की चचेरी बहन श्यामिका के घर किराए पर रहता था. इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए. प्रांजल के अनुसार, दोनों ने मिलकर चाय का कारोबार शुरू किया था, लेकिन उसमें भारी नुकसान हो गया. पैसों की जरूरत पड़ने पर श्यामिका ने कथित तौर पर सुझाव दिया कि उसकी भाभी शैली के घर में नकदी और जेवर रखे हैं. उसने यह भी बताया कि दोपहर के समय राजेंद्र बच्चों को लेने बाहर जाते हैं और उस समय घर में केवल शैली और उनकी सास रहती हैं.

नाबालिग भाई को भी साथ ले गया आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया कि प्रांजल को वारदात के लिए कोई अन्य साथी नहीं मिला, तो उसने पैसों का लालच देकर अपने 12वीं में पढ़ने वाले नाबालिग भाई को साथ ले लिया. दोनों कथित तौर पर तिजोरी काटने के इरादे से घर पहुंचे थे, लेकिन शैली की सूझबूझ और पड़ोसियों की तत्परता के कारण पूरी योजना नाकाम हो गई. मौके से कटर, लोहे की रॉड और बुर्का भी बरामद किया गया.

तीनों आरोपियों पर केस दर्ज

मामले की पुष्टि करते हुए एसीपी आशुतोष सिंह ने बताया कि पीड़िता शैली और उनके पति राजेंद्र की शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है. पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रांजल सिंह, उसके नाबालिग भाई और कथित साजिशकर्ता श्यामिका के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है. तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की आगे भी जांच कर रही है.