IIT कानपुर के प्रोफेसर पति पर पत्नी ने लगाए PHD कर रही लड़कियों संग संबंध के आरोप, बोलीं-फोन में मिले अश्लील वीडियो

रंजय सिंह

29 Jul 2026 (अपडेटेड: 29 Jul 2026, 05:26 PM)

IIT कानपुर के दो प्रोफेसरों के वैवाहिक विवाद ने गंभीर मोड़ ले लिया है. असिस्टेंट प्रोफेसर पत्नी ने पति पर घरेलू हिंसा, पीएचडी छात्राओं से अवैध संबंध और उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं. पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Kanpur News: सांकेतिक तस्वीर

Kanpur News: सांकेतिक तस्वीर

Google CTA

IIT कानपुर के कैंपस में इन दिनों एक सस्पेंस और ड्रामे से भरा विवाद चर्चा में है. आईआईटी में ही कंप्यूटर साइंस के प्रोफेसर पति और मटेरियल साइंस विभाग में तैनात उनकी असिस्टेंट प्रोफेसर पत्नी के बीच का झगड़ा अब थाने की चौखट तक पहुंच गया है. पत्नी का आरोप है कि प्रोफेसर पति के उनके अंडर पीएचडी कर रही छात्राओं और विभाग की महिला कर्मियों के साथ अवैध संबंध हैं. महिला प्रोफसर का आरोप ये भी है कि इसका विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की जाती है. 

यह भी पढ़ें...

2012 में हुई थी शादी अब अवैध संबंधों का लगा गंभीर आरोप

पीड़िता के मुताबिक, दोनों की शादी साल 2012 में हुई थी. दोनों के दो बच्चे भी हैं. दोनों पति-पत्नी IIT कानपुर कैंपस के अंदर ही सरकारी आवास में रहते हैं. महिला प्रोफेसर का आरोप है कि उनका पति अपनी ही पीएचडी स्कॉलर्स और डिपार्टमेंट की अन्य महिलाओं के साथ नाजायज ताल्लुकात रखता है. जब भी वह इसका विरोध करती हैं तो उनके साथ बेरहमी से मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाता है.

'बारिश में घर से बाहर निकाला और शादी की तस्वीरें जला दीं'

कल्याणपुर थाने में दर्ज कराई गई एफआईआर में महिला असिस्टेंट प्रोफेसर ने अपने साथ हुई आपबीती बयां करते हुए बताया कि 'पति गुस्से में आकर घर में बना दूध और चाय उठाकर फेंक देते हैं. गुस्से में शादी की तमाम पुरानी तस्वीरों को जलाकर खाक कर दिया गया. कई बार उन्हें और बच्चों को घर से निकालकर कड़कड़ाती बारिश में बाहर खड़ा रखा गया जिसमें IIT के सिक्योरिटी विभाग को बीच-बचाव करना पड़ा.' महिला प्रोफेसर का ये भी आरोप है कि एक बार जब उन्होंने पति के फोन में एक महिला का आपत्तिजनक वीडियो देखा तो पति ने सड़क पर भागकर उस वीडियो को डिलीट कर दिया.


पुलिस को दी गई तहरीर में महिला प्रोफेसर ने एक और चौंकाने वाला दावा किया है. उनके मुताबिक, आपसी कहासुनी के दौरान उनके पति ने खुद यह बात कुबूली कि उन्होंने अपने अंडर पीएचडी कर रही कम से कम 4 छात्राओं का यौन शोषण किया है और विभाग की अन्य महिलाओं से भी उनके संबंध हैं. पत्नी का आरोप है कि घर के भीतर उन पर और बच्चों पर नजर रखने के लिए पति ने सीसीटीवी कैमरे लगवा रखे हैं जिससे पूरा परिवार खौफ और तनाव के साए में जी रहा है.

पुलिस से मांगी सुरक्षा

असिस्टेंट प्रोफेसर पत्नी ने पुलिस से अपनी और अपने दोनों बच्चों की सुरक्षा की गुहार लगाई है. उन्होंने आशंका जताई है कि पति के इन कारनामों और उनके पास मौजूद राज़ की वजह से उनकी जान को गंभीर खतरा है. कल्याणपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस और प्रशासन का रुख

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस साक्ष्यों को खंगालने में जुट गई है. हालांकि इस मामले में पीड़िता मीडिया के कैमरों से बचती नजर आ रही हैं और आईआईटी प्रशासन भी इस विवाद पर कुछ भी खुलकर बोलने से बच रहा है. पुलिस ने बताया कि 'आईआईटी कानपुर की एक महिला प्रोफेसर द्वारा अपने ही पति  के खिलाफ घरेलू हिंसा, प्रताड़ना और अन्य गंभीर धाराओं में तहरीर दी गई थी जिस पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है. मामले में साक्ष्यों और सबूतों के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी.'